April 6, 2026 3:20 am

Home » Uncategorized » विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ

नगर महामंत्री अशोक पटेल ने एंटीलार्वा छिड़काव कर्मियों और फोगिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर  किया रवाना

अभियान को सफल बनाने के लिए  सभी तैयारियां  पूर्ण – सीएमओ
वाराणसी, 01 अप्रैल 2026
जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ बुधवार को स्वामी विवेकानंद मेमोरियल राजकीय चिकित्सालय, भेलूपुर से किया गया। अभियान का उद्देश्य जलजनित एवं अन्य संचारी रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया तथा डायरिया के प्रसार को रोकना है।

 


कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के प्रतिनिधि एवं नगर महामंत्री अशोक पटेल ने एंटीलार्वा छिड़काव कर्मियों तथा फोगिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अपील की कि अपने आसपास जल जमाव न होने दें तथा स्वच्छता बनाए रखें, जिससे संचारी रोगों की रोकथाम संभव हो सके।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अशोक पटेल ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनजागरूकता एवं प्रभावी कार्रवाई अत्यंत आवश्यक है। नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य विभागों के समन्वित प्रयासों से पिछले पांच वर्षों में डेंगू, मलेरिया एवं चिकनगुनिया के मामलों में उल्लेखनीय कमी आई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश प्रसाद ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद में अंतर्विभागीय समन्वय के साथ युद्धस्तर पर कार्य किया जा रहा है। पिछले वर्षों के आंकड़ों के आधार पर नगर निगम के 11 वार्डों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के 69 ग्रामों को अतिसंवेदनशील चिह्नित किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि वेक्टर जनित रोगों पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 से 30 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा, जबकि 10 से 30 अप्रैल 2026 तक दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को संचारी रोगों के प्रति जागरूक करेंगी।
कार्यक्रम का संचालन जिला मलेरिया अधिकारी शरद चंद पांडेय द्वारा किया गया। इस अवसर पर नोडल अधिकारी डॉ. अमित सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेन्द्र कुमार चौधरी, एसवीएम अस्पताल भेलूपुर के अधीक्षक डॉ. क्षितिज तिवारी, फिजीशियन डॉ. विग्नेश, बायोलॉजिस्ट डॉ. अमित कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक अजय कुमार मिश्रा सहित अस्पताल एवं नगर निगम के कर्मचारी उपस्थित रहे।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *