76 दिवसीय वार्ड प्रवास पर डॉ. नीलकंठ तिवारी, जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याण योजनाओं का लाभ घर-घर तक पहुंचाने का अभियान
तीसरे लाभार्थी कैम्प का हुआ आयोजन, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने किया शुभारंभ
स्थानीय जनता ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लिए कराया पंजीकरण, 2 अक्टूबर तक प्रत्येक रविवार को लगेगा कैम्प
डॉ नीलकंठ तिवारी ने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक, क्रेडिट कार्ड व स्वीकृति पत्र उपलब्ध कराए, शिशुओं का अन्नप्राशन किया
250 लोगों ने अपने आंख की जांच कराई, 150 लोगों को निशुल्क चश्मा वितरित किया गया

वाराणसी। प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी अपने विधानसभा क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 76 दिवसीय वार्ड प्रवास कार्यक्रम गत् 19 जुलाई से लगातार चला रहे हैं। इस अभियान के तहत वे प्रतिदिन एक-एक वार्ड का भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर रहे हैं तथा क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे हैं।
वार्ड प्रवास के दौरान डॉ. तिवारी सबसे पहले क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हैं। इसके साथ ही सीवर व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, विद्युत व्यवस्था, गलियों और सड़कों की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हैं। जहां कहीं भी कमी या समस्या दिखाई देती है, वहां उपस्थित नगर निगम, जलकल, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश देते हैं। वे इस बात पर विशेष जोर देते हैं कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका लाभ आम जनता को वास्तविक रूप से मिले।
वार्ड भ्रमण के दौरान डॉ. नीलकंठ तिवारी स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठजनों, महिलाओं और युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनते हैं। लोग सड़क, नाली, पेयजल, बिजली, सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवर जाम सहित अन्य स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराते हैं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाते हैं। इससे जनता को अपनी समस्याएं सीधे जनप्रतिनिधि तक पहुंचाने का अवसर मिल रहा है।
76 दिवसीय इस विशेष अभियान की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह भी है कि इस दौरान पड़ने वाले प्रत्येक रविवार को संबंधित वार्ड के किसी सार्वजनिक स्थल पर जनकल्याणकारी लाभार्थी शिविर आयोजित किया जा रहा है। इन शिविरों में केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी जाती है तथा पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया मौके पर ही पूरी कराई जाती है। लाभार्थी शिविरों के माध्यम से आयुष्मान भारत योजना, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, राशन कार्ड, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री आवास योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यम योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है।
रविवार को दक्षिणी विधानसभा स्थित पियरीकला वार्ड में तीसरे लाभार्थी कैम्प का आयोजन किया गया। जिसका उद्घाटन पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी ने किया। कैम्प में केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न योजनाओं का शिविर लगाया गया। जिसमे क्षेत्रीय लोगो ने आकर ख़ुद का पंजीकरण कराया।प्रत्येक विभाग के स्टाल पर वह स्वयं जाकर योजनाओं के बारे में जाना। इस दौरान उन्होंने पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक, क्रेडिट कार्ड व स्वीकृति पत्र बांटा। इसके अलावा बाल विकास के कैम्प में जाकर विधायक में शिशु को अन्नप्राशन कराया। कैम्प में 250 लोगों ने अपने आंख की जांच कराई, 150 लोगों को निशुल्क चश्मा वितरित किया गया। दिव्यांगजन कल्याण विभाग के शिविर में 10 लोगों ने पंजीकरण कराया, वहीं महिला कल्याण विभाग में करीब 27 लोग का रजिस्ट्रेशन हुआ। शहरी आवास योजना के लाभ के लिए 35 लोगों ने आवेदन किया। विद्युत विभाग के कैम्प में 9 लोगों ने अपना बिल संशोधित कराया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के कैम्प में करीब 210 ने अपना स्वास्थ चेक अप कराया।
कार्यक्रम में नोडल के रूप में मुख्य राजस्व अधिकारी, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी के अलावा मंडल अध्यक्ष राजीव सिंह , गोपाल जी गुप्ता, संदीप चौरसिया, संजय केशरी, अमरेश गुप्ता, अनंत राज गुप्ता, मनीष गुप्ता, मनोज यादव, अंकुर मेहरोत्रा आदि अन्य लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।








Users Today : 9
Users Yesterday : 92