जिलाधिकारी ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर आसपास क्षेत्र का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं से किया संवाद
डीएम ने सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा

वाराणसी। आज जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं/कावड़ियों को मंदिर परिसर में दर्शन-पूजन की व्यवस्थाओं, श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन के लिए आए शिव भक्तों एवं श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी ने समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को सावन माह के द्वितीय सोमवार की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो।
श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान किसी प्रकार की कठिनाई, पेयजल, साफ-सफाई, आवागमन तथा अन्य व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया गया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था को निरंतर बेहतर बनाए रखा जाए तथा श्रद्धालुओं को सुगम एवं व्यवस्थित दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। भीड़ के दृष्टिगत आवश्यक व्यवस्थाएं प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा कंट्रोल रूम में बैठकर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को भी परखा।
उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।
इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।








Users Today : 83
Users Yesterday : 21