राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर 27 अगस्त को देशभर में आयोजित होगा “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ”
1,500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान होंगे कार्यक्रम में शामिल*
नई दिल्ली, अगस्त 2026
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर देशभर में युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ” का आयोजन 27 अगस्त 2026 को किया जाएगा। इस राष्ट्रव्यापी पहल के अंतर्गत देश के 1,500 से अधिक स्थानों पर युवा, खिलाड़ी और शैक्षणिक संस्थान एक साझा मंच पर एकत्रित होंगे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवा उभरते खिलाड़ियों को भारत के खेल एवं युवा पारिस्थितिकी तंत्र के भविष्य से जुड़े अपने विचार, सुझाव और नवाचार साझा करने के लिए प्रत्यक्ष मंच उपलब्ध कराना है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIM), राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (NIT), अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), प्रमुख चिकित्सा महाविद्यालय और विश्वविद्यालय सहित विभिन्न प्रमुख शैक्षणिक संस्थान इस पहल में भाग लेंगे।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के उपरांत देशभर में भाग लेने वाले सभी स्थानों पर स्थानीय स्तर के कार्यक्रम एक साथ प्रारंभ होंगे।
युवाओं की आकांक्षाओं को नीति-निर्माण से जोड़ने की पहल
“खेलो इंडिया संवाद” का उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं और उनके जमीनी अनुभवों को नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान युवा प्रतिभागी चार प्रमुख विषयों पर संवाद और विचार-विमर्श करेंगे:
खेल पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करना तथा जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं, कोचिंग और अवसरों का विस्तार करना;
वैज्ञानिक प्रतिभा पहचान और खिलाड़ी विकास के माध्यम से 2036 ओलंपिक खेलों के लिए प्रतिभाओं को तैयार करना;
युवा नेतृत्व को बढ़ावा देना तथा शासन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना;
भविष्य के लिए आवश्यक कौशल, स्वयंसेवा और राष्ट्र-निर्माण के अवसरों के माध्यम से युवाओं को सशक्त बनाना।
प्रमुख खिलाड़ियों के साथ युवाओं का सीधा संवाद
कार्यक्रम का एक प्रमुख आकर्षण खेलों में रुचि रखने वाले युवाओं और देश के प्रमुख खिलाड़ियों एवं पदक विजेताओं के बीच प्रत्यक्ष संवाद होगा। दीपा करमाकर, साइना नेहवाल, गगन नारंग, पी. आर. श्रीजेश, मैरी कॉम, बाइचुंग भूटिया, पुलेला गोपीचंद, अंजू बॉबी जॉर्ज, कर्णम मल्लेश्वरी, मीराबाई चानू और पी. टी. उषा सहित अनेक प्रमुख खिलाड़ी तथा प्रमुख क्रिकेटर युवाओं के साथ संवाद करेंगे।
खिलाड़ी अपने खेल जीवन की यात्रा, संघर्षों, चुनौतियों और अनुभवों को युवाओं के साथ साझा करेंगे तथा उन्हें खेल के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेंगे।
जनप्रतिनिधियों और मंत्रियों की भी भागीदारी
युवाओं के साथ संवाद को व्यापक बनाने के लिए सांसदों, विधायकों, केंद्रीय मंत्रियों, राज्य मंत्रियों और राज्य के खेल मंत्रियों की भी भागीदारी होगी। वे युवाओं के साथ संवाद करते हुए चार निर्धारित विषयों पर उनके विचार, सुझाव और अनुभव प्राप्त करेंगे।
विकसित भारत युवा नेता संवाद क्विज़ और MY Bharat Portal
कार्यक्रम के अंतर्गत विकसित भारत युवा नेता संवाद क्विज़ का भी आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही युवा प्रतिभागियों को MY Bharat Portal पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसका उद्देश्य एक दिवसीय कार्यक्रम से आगे भी युवाओं की निरंतर भागीदारी और सहभागिता के लिए अवसर उपलब्ध कराना है।
युवाओं की भागीदारी से भारत के खेल भविष्य को नई दिशा
“खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात, प्रधानमंत्री मोदी के साथ” इस विचार को सुदृढ़ करता है कि भारत के खेल क्षेत्र में परिवर्तन की वास्तविक शक्ति देश के युवाओं में निहित है। युवा आकांक्षाओं, खेल अनुभवों और नीतिगत दृष्टिकोणों को एक साझा मंच पर लाकर यह पहल देश में खेल और युवा विकास के भविष्य को आकार देने में युवाओं को सार्थक भूमिका और आवाज देने का प्रयास है।
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर आयोजित यह राष्ट्रव्यापी पहल युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।








Users Today : 2
Users Yesterday : 133