नवंबर तक पूरा होगा रोपवे, मंडलायुक्त ने तेज कार्य के दिए निर्देश
गोदौलिया में बोर्डिंग-डिबोर्डिंग और गिरिजाघर में कंट्रोल रूम का काम जारी
वाराणसी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने वाली निर्माणाधीन रोपवे परियोजना को नवंबर तक पूरा करने की तैयारी तेज हो गई है। मंगलवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने गोदौलिया, गिरिजाघर और रथयात्रा स्टेशन का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने अधिकारियों को शेष कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समय में परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने गोदौलिया स्टेशन पर बोर्डिंग-डिबोर्डिंग के लिए निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लिया। गिरिजाघर स्टेशन पर कंट्रोल रूम के निर्माण की प्रगति देखी और इसे जल्द पूरा कराने को कहा। इसके साथ ही अन्य स्टेशनों पर चल रहे आर्ट वर्क, फिनिशिंग और सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित कार्यों की भी जानकारी ली।
रथयात्रा स्टेशन पहुंचकर मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों की स्थिति जानी। अधिकारियों ने बताया कि कैंट स्टेशन से रथयात्रा तक रोपवे का कार्य पूरा हो चुका है। इसके आगे के स्टेशनों पर अलाइनमेंट चेक का काम चल रहा है। परियोजना के सभी अंतिम कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है।
यातायात व्यवस्था को मिलेगी नई रफ्तार
मंडलायुक्त ने कहा कि रोपवे वाराणसी की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को मजबूती देगा। उन्होंने संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय बनाकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा करें और निर्माण में आने वाली बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराएं। निरीक्षण के दौरान वाराणसी रोपवे की परियोजना निदेशक पूजा मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।







Users Today : 0
Users Yesterday : 113