रक्षाबंधन पर्व पर स्कूली छात्राओं ने एनडीआरएफ कर्मियों को बांधी राखी, कर्मियों ने सुरक्षा का दिया संकल्प।
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 11वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, वाराणसी के वाहिनी मुख्यालय परिसर में विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने एनडीआरएफ के बचाव कर्मियों को राखी बांधकर उनकी सुख-समृद्धि एवं सकुशलता की कामना की। इस अवसर पर एनडीआरएफ के बचाव कर्मियों ने भी बहनों को किसी भी प्रकार की आपदा के दौरान उनकी सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव तत्पर रहने का वचन दिया। इस अवसर पर श्री अनूप सिंह बिष्ट, कमांडिंग ऑफिसर, 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ, वाराणसी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्रेम, विश्वास, स्नेह एवं सुरक्षा के संकल्प का पावन पर्व है। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के लिए पूरा देश ही हमारा परिवार है और बल के बचाव कर्मी देशवासियों की सुरक्षा एवं सेवा के लिए सदैव समर्पित रहते हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीमें उत्तर प्रदेश के वाराणसी, गोरखपुर, लखनऊ, बहराइच, लखीमपुर खीरी, कानपुर नगर, बलिया एवं कुशीनगर तथा मध्य प्रदेश के जबलपुर, उज्जैन एवं भोपाल में तैनात हैं। तैनाती वाले स्थानों पर भी स्कूली छात्राओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा एनडीआरएफ के बचाव कर्मियों को राखी बांधकर भाई-बहन के इस पवित्र पर्व को उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया।वाहिनी मुख्यालय, वाराणसी में एम्बिशन अकादमी, होली हार्ट स्कूल, हैप्पी मॉडल स्कूल, आदित्य नारायण सिंह पब्लिक स्कूल, लीला फाउंडेशन वाराणसी एवं लॉरेंस इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं ने एनडीआरएफ के बचाव कर्मियों की कलाइयों पर राखी बांधी तथा उनकी सुख-समृद्धि एवं सकुशलता की कामना की।
इस अवसर पर एनडीआरएफ के बचाव कर्मियों ने छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि देशवासियों का स्नेह, विश्वास और अपनापन उन्हें हर परिस्थिति में निस्वार्थ भाव से सेवा करने की प्रेरणा देता है। एनडीआरएफ कर्मी प्राकृतिक एवं मानवजनित आपदाओं के दौरान नागरिकों की सुरक्षा, बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सदैव तत्पर रहते हैं।कमांडिंग ऑफिसर ने काशीवासियों एवं समस्त देशवासियों को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ अपने आदर्श वाक्य “आपदा सेवा सदैव सर्वत्र” के अनुरूप देशवासियों की सेवा, सुरक्षा एवं सहायता के लिए सदैव प्रतिबद्ध है।








Users Today : 34
Users Yesterday : 40