आनंद बाग पार्क में स्थापित हुई रक्षाबंधन वाटिका, कुलपति कविता शाह ने किया पौधरोपण

वाराणसी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर दुर्गाकुंड स्थित आनंद बाग पार्क में सृजन संस्था द्वारा रक्षाबंधन वाटिका की स्थापना की गई। पर्यावरण संरक्षण को समर्पित इस पहल का उद्देश्य प्रकृति की रक्षा का संकल्प और हरियाली को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिद्धार्थनगर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह ने संस्था अध्यक्ष अनिल सिंह और उपाध्यक्ष मदन राम चौरसिया के साथ लाल चंपा, सावनी, नाग चंपा और एक्सोरा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। इस दौरान संस्था की ओर से कुलपति को ट्रंपेट वाइन का पौधा भेंट किया गया, जबकि उपाध्यक्ष मदन राम चौरसिया ने अध्यक्ष अनिल सिंह को असम से मंगाए गए अगरवुड के दो पौधे उपहार में दिए, जिनका वाराणसी में ट्रायल के रूप में रोपण किया जाएगा। कार्यक्रम में भारत विकास परिषद काशी प्रांत के पूर्व अध्यक्ष मुकुल शाह, अमरचंद अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल और नगर निगम के उद्यान कर्मी मौजूद रहे। समापन पर गंगा हरितिमा के ब्रांड एंबेसडर अनिल सिंह ने सभी को पौधों की सुरक्षा और देखभाल की शपथ दिलाई।








Users Today : 45
Users Yesterday : 86