बलिया में तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
उत्तर प्रदेश ने बिहार को 9–0 से हराकर की शानदार शुरुआत
बलिया, 9 सितंबर 2026। तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस प्रतियोगिता 2026 का आज बलिया में भव्य आगाज़ हुआ। देश के विभिन्न राज्यों की टीमें इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 9 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक चलेगी।

इस प्रतियोगिता का आयोजन रिंग टेनिस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश एवं सनबीम स्कूल, बलिया के संयुक्त तत्वावधान में रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. भगवान राय, सेवानिवृत्त क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी, विशिष्ट अतिथि श्री KRV श्याम सुंदर, महासचिव, रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया श्रीमती रति प्रिया, संयुक्त सचिव, रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया व अरुण सिंह, डायरेक्टर सनबीम स्कूल बलिया उपस्थित रहे। रंगारंग कार्यक्रमों के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन के बाद राष्ट्रीय स्तर के रोमांचक मुकाबले शुरू हुए। पहले मुकाबले में तेलंगाना और उत्तराखंड, दूसरे में ओडिशा और दिल्ली, जबकि तीसरे मुकाबले में उत्तर प्रदेश और बिहार की टीमें आमने-सामने रहीं।
रिंग टेनिस की टीम प्रतियोगिता में प्रत्येक टीम के बीच कुल 9 मैच खेले जाते हैं। इनमें 2 बॉयज सिंगल्स, 2 गर्ल्स सिंगल्स, 2 बॉयज डबल्स, 2 गर्ल्स डबल्स तथा 1 मिक्स्ड डबल्स शामिल हैं। प्रत्येक मैच 20 मिनट का होता है, जिसमें 10-10 मिनट के दो हाफ खेले जाते हैं। टीम मुकाबले में अधिक मैच जीतने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाता है और वह अगले राउंड के लिए क्वालीफाई करती है।
उत्तर प्रदेश की टीम ने प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत करते हुए बिहार को 9–0 से पराजित किया। टीम के कोच गुरविंदर सिंह एवं टीम मैनेजर दिनेश कुमार के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
रिंग टेनिस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश की महासचिव मनीषा रानी ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश की टीम से प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों में भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से देशभर के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन अवसर मिल रहा है।







Users Today : 53
Users Yesterday : 51