कतुआपुरा वार्ड में 74वें दिन पहुंचे विधायक नीलकंठ तिवारी, गलियों के पुनर्निर्माण का दिया निर्देश
वाराणसी। शहर दक्षिणी के विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान जारी है। इसी क्रम में बुधवार को अभियान के 74वें दिन वह कतुआपुरा वार्ड पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों के साथ वार्ड की विभिन्न गलियों का भ्रमण कर जनसमस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गलियों के उबड़-खाबड़ पत्थरों को देखकर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को सभी गलियों के पत्थर बदलकर पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बीएसएनएल टावर परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पांच पौधों का रोपण कर की गई। इसके बाद हरतीरथ चौराहे पर सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय पदाधिकारियों ने हर-हर महादेव के उद्घोष के साथ विधायक का स्वागत किया। विधायक ने स्वयं झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया और लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।
क्षेत्रीय पार्षद सुरेश चौरसिया के साथ वार्ड की गलियों का भ्रमण करते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने सड़क पर लगे उबड़-खाबड़ पत्थरों की स्थिति देखी। इस पर उन्होंने जोनल अधिकारी मृत्युंजय मिश्रा को मौके पर बुलाकर वार्ड की सभी गलियों के पत्थरों को बदलने और उनका पुनर्निर्माण कराने का निर्देश दिया।
विधायक के भ्रमण के दौरान स्थानीय लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। गलियों में खड़ी महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर उनका स्वागत किया। वहीं, जैन जी के कार्यकर्ताओं ने माल्यार्पण कर विधायक का अभिनंदन किया।
इस दौरान महानगर अध्यक्ष पंकज चतुर्वेदी, महानगर उपाध्यक्ष संदीप चौरसिया, महानगर मंत्री सुनील यादव, पार्षद अंकुर मल्होत्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष तारकेश्वर गुप्ता, बंटी, प्रियांशु तिवारी, भाजपा वार्ड अध्यक्ष शाहिद अफरीदी, मुहम्मद अहमद उर्फ फूल हाजी और मध्येश्वर मंडल अल्पसंख्यक मोर्चा के उपाध्यक्ष सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।








Users Today : 66
Users Yesterday : 92