76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान का समापन, जनता से मिले फीडबैक से भावुक हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी
वाराणसी। पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी की ओर से विगत 19 जुलाई से चलाए जा रहे 76 दिवसीय वार्ड प्रवास एवं जनसंपर्क अभियान का शनिवार को पियरी वार्ड में समापन हुआ। अभियान के दौरान डॉ. तिवारी ने लगातार वार्डों में पहुंचकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों एवं विभागीय कर्मचारियों के सहयोग से कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया।
76 दिनों तक चले इस अभियान को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने अपनी छोटी-बड़ी समस्याएं सीधे विधायक के समक्ष रखीं। मौके पर समस्याओं के समाधान से स्थानीय नागरिकों के साथ ही जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं में भी उत्साह नजर आया।
अभियान के अंतिम दिन पियरी वार्ड में भ्रमण एवं निरीक्षण के बाद डॉ. नीलकंठ तिवारी ने राजबंधु राजनारायण पार्क में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 101 से अधिक पौधों का रोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।
समापन समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं एवं जनता को संबोधित करते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी भावुक हो गए। उन्होंने जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने प्रतिदिन निर्धारित समय पर उपस्थित होकर सीधे जनता से जुड़कर इस अभियान को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की यह सक्रियता और समर्पण संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
डॉ. तिवारी ने अभियान में सहयोग करने वाले भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों का आभार जताते हुए सभी का अभिनंदन एवं नमन किया।
कार्यक्रम में सूचना एवं तकनीकी विभाग के संयोजक पंकज चतुर्वेदी, राजीव सिंह डब्बू, बृजेश पटेल, तारकेश्वर गुप्ता बंटी, श्रवण गुप्ता, संदीप चौरसिया, सुनील यादव, जया केसरी, अच्छेबर सिंह, अंकुर मल्होत्रा, गोपाल जोशी गुप्ता, मनोज यादव, रौशन गुजराती, नितेश जायसवाल सागर, अमरेश गुप्ता, कनकलता मिश्रा, नलिन नयन मिश्र, मनोज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।







Users Today : 80
Users Yesterday : 145