स्वच्छता को बनाएं दैनिक जीवन का हिस्सा, न गंदगी करेंगे न करने देंगे
स्वच्छ भारत दिवस पर गुजरात के मजीगाम में केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने विशेष ग्राम सभा को किया संबोधित
नवसारी। स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर दो अक्टूबर को गुजरात के नवसारी जिले के चिखली ब्लॉक स्थित मजीगाम गांव में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने विशेष ग्राम सभा में शामिल होकर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन या अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति के दैनिक जीवन, व्यवहार और सामूहिक जिम्मेदारी का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि न तो स्वयं गंदगी करेंगे और न ही दूसरों को गंदगी करने देंगे।
विशेष ग्राम सभा में गुजरात सरकार के कैबिनेट मंत्री नरेश पटेल, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की संयुक्त सचिव एवं मिशन निदेशक ऐश्वर्या सिंह, जिला कलेक्टर, जिला विकास अधिकारी सहित राज्य और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने स्वच्छता कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।
गांधीजी के स्वच्छता संदेश को किया याद
केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल ने कहा कि महात्मा गांधी ने स्वतंत्रता के साथ ही स्वच्छता को भी महत्वपूर्ण माना था। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में स्वच्छता के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। स्वच्छ भारत मिशन ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जनभागीदारी इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है और गांवों में लोगों की सक्रिय सहभागिता से स्वच्छ भारत का संकल्प लगातार मजबूत हो रहा है।
ठोस कचरा प्रबंधन पर भी हुई चर्चा
विशेष ग्राम सभा में स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 और स्वच्छ सेवा अंकलन सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। ग्राम पंचायत स्तर पर वार्षिक डिजिटल स्व-मूल्यांकन व्यवस्था और इसके माध्यम से सामने आ रही उपलब्धियों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर चर्चा की।
केंद्रीय मंत्री ने ग्राम पंचायत में लगाई गई ‘अपशिष्ट से कला’ प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में बेकार और त्यागी गई सामग्रियों के रचनात्मक पुन: उपयोग को प्रदर्शित किया गया था। इसका उद्देश्य ग्रामीणों को कचरे के उचित प्रबंधन और पुन: उपयोग के लिए प्रेरित करना था।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में किया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की संयुक्त सचिव एवं मिशन निदेशक ऐश्वर्या सिंह ने पौधे लगाए। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्राम सभा में शामिल ग्रामीणों ने स्वच्छता का संकल्प लिया।
देशभर में आयोजित हुईं विशेष ग्राम सभाएं
स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026 के तहत देशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन ग्राम सभाओं में ग्राम पंचायतों और ग्रामीण समुदायों को स्थानीय स्वच्छता एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था की समीक्षा का अवसर मिला। एसएचएस-2026 के परिणामों, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के अनुरूप कचरे के चार-तरफा स्रोत पृथक्करण, थोक अपशिष्ट जनरेटरों की पहचान और पंजीकरण तथा ओडीएफ प्लस (मॉडल) ग्राम पंचायतों में स्वच्छता सेवाओं के संचालन पर भी चर्चा की गई।
विशेष ग्राम सभाओं के माध्यम से पंचायत विकास योजनाओं, विशेष रूप से ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में स्वच्छता से जुड़े कार्यों और आवश्यकताओं को शामिल करने तथा जमीनी स्तर पर उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया।
कई राज्यों में अधिकारियों ने लिया हिस्सा
देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में भी केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (डीडीडब्ल्यूएस) के वरिष्ठ अधिकारियों ने विशेष ग्राम सभाओं और स्वच्छता गतिविधियों में हिस्सा लिया। दादरा एवं नगर हवेली में उप सचिव ने सली ग्राम पंचायत की विशेष ग्राम सभा में भाग लिया। यहां स्वच्छता ही सेवा-2026, एसडब्ल्यूएम नियम-2026, स्वच्छता शपथ और स्वच्छता कर्मचारियों के योगदान पर चर्चा हुई। उन्होंने सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का निरीक्षण करने के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में पौधारोपण भी किया।
झारखंड के रांची जिले के नामकुम ब्लॉक स्थित पिंडरकोम गांव में आयोजित विशेष ग्राम सभा में भी डीडीडब्ल्यूएस के उप सचिव शामिल हुए। यहां स्वच्छ सेवा अंकलन के मसौदे, चिन्हित कमियों को दूर करने, स्वच्छता कर्मचारियों की भूमिका, स्वच्छता शपथ, पौधारोपण और स्वच्छता परिसंपत्तियों के निरीक्षण पर चर्चा हुई।
हरियाणा के पलवल जिले के रतीपुर गांव में आयोजित विशेष ग्राम सभा में डीडीडब्ल्यूएस के उप सचिव ने भाग लिया। इस दौरान पौधारोपण, कचरा पृथक्करण शेड का निरीक्षण और स्वच्छ सेवा अंकलन व ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 को लेकर ग्रामीणों से संवाद किया गया।
मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के फंदा ब्लॉक की मुगलिया हाट और झिरनिया ग्राम पंचायतों में आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में डीडीडब्ल्यूएस के सहायक सलाहकार शामिल हुए। यहां ग्रामीणों ने स्वच्छता शपथ ली और स्वच्छता ही सेवा-2026, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 तथा स्वच्छ सेवा अंकलन को लेकर चर्चा की।






Users Today : 40
Users Yesterday : 117