भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर वाराणसी में रहेंगे, ‘सेवा यात्रियों’ के स्वागत जनसभा को संबोधित करेंगे और कई अहम बैठकों की अध्यक्षता करेंगे
वाराणसी 6 अक्टूबर –:
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन 7 और 8 अक्टूबर 2026 को उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय अत्यंत महत्वपूर्ण प्रवास पर वाराणसी (काशी) में रहेंगे। अपने इस विस्तृत प्रवास के दौरान माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रव्यापी “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत वड़नगर से काशी पहुंचे ‘सेवा यात्रियों’ के अभिनंदन समारोह में जनसभा को संबोधित करेंगे, देवाधिदेव महादेव बाबा काशी विश्वनाथ जी के दर्शन-पूजन करेंगे, ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करेंगे तथा काशी क्षेत्र के शीर्ष जनप्रतिनिधियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों एवं संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ विभिन्न उच्च-स्तरीय बैठकों की अध्यक्षता कर भावी कार्ययोजना पर रणनीतिक विचार-विमर्श करेंगे।
प्रवास के प्रथम दिन, बुधवार 7 अक्टूबर को दोपहर वाराणसी एयरपोर्ट आगमन के पश्चात श्री नवीन अपराह्न 3:30 बजे जगतपुर स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज पहुंचेंगे। वहां वे सेवा संकल्प यात्रा के ‘सेवा यात्रियों’ के वड़नगर से पवित्र काशी आगमन के उपलक्ष्य में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित कर उनका अभिनंदन करेंगे।

इस कार्यक्रम के उपरांत वे जगतपुर स्थित गोकुल धाम रिसॉर्ट पहुंचेंगे, जहां वे काशी क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ताओं, माननीय सांसदों, विधायकों और विधान परिषद सदस्यों के साथ एक अत्यंत महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता करेंगे। तत्पश्चात, रात्रि में वे क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी एवं क्षेत्रीय महामंत्रियों के साथ बैठक कर संगठन की समीक्षा करेंगे। प्रथम दिन के कार्यक्रमों के अंतिम चरण में, राष्ट्रीय अध्यक्ष विधान परिषद चुनाव के प्रत्याशियों एवं अन्य आवेदकों के साथ बैठक कर संगठनात्मक चर्चा करेंगे।
प्रवास के दूसरे दिन, गुरुवार 8 अक्टूबर की प्रातः 8:00 बजे श्री नितिन नवीन द्वादश ज्योतिर्लिंगों में श्रेष्ठ बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेंगे और देवाधिदेव महादेव के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना करेंगे तथा राष्ट्र की सुख, शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थना करेंगे। तत्पश्चात, प्रातः 10:00 बजे माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ स्थित गांधी अध्ययन पीठ में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे और युवाओं से सीधा संवाद कर उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान हेतु प्रेरित करेंगे।
इस कार्यक्रम के उपरांत, श्री नवीन गोकुल धाम रिसॉर्ट लौटेंगे, जहां वे विगत 3 कार्यकालों के जिलाध्यक्षों, क्षेत्रीय अध्यक्षों एवं काशी क्षेत्र के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। दोपहर में वे पूर्व जनप्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक करेंगे। प्रवास के अंतिम चरण में, माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष गोकुल धाम रिसॉर्ट में ही काशी क्षेत्र के जिलाध्यक्षों, जिला प्रभारियों, क्षेत्रीय पदाधिकारियों एवं प्रदेश पदाधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इन सभी संगठनात्मक व सार्वजनिक कार्यक्रमों के सफलतापूर्वक संपन्न होने के उपरांत, श्री नितिन नवीन नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।







Users Today : 20
Users Yesterday : 169