सृजन सामाजिक विकास न्यास और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान एवं पौधारोपण

वाराणसी। वाराणसी के जिलाधिकारी आई.ए.एस. सत्येन्द्र कुमार के निर्देशन में सृजन सामाजिक विकास न्यास और नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में बृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह की अगुवाई में सामने घाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के सामने गंगा घाट से लेकर रमना तक घाटों की सफाई की गई। अभियान में सृजन सामाजिक विकास न्यास, नगर निगम एवं भगवानपुर-रमना के निवासियों ने प्रवीण कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वच्छता अभियान के साथ-साथ जन जागरूकता रैली भी निकाली। सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं गंगा हरितिमा अभियान के ब्रांड एंबेसडर अनिल कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में घाटों के किनारे पूजा-अर्चना कर रहे लोगों, नाविकों एवं पुजारियों से आग्रह किया कि माँ गंगा के किनारे निर्माल्य, प्लास्टिक एवं फूल-माला चढ़ाने के बाद उसे गंगा में न छोड़ें, बल्कि उचित स्थान एवं डस्टबिन में डालें, जिससे नगर निगम के सफाई कर्मी उसे उठाकर ले जा सकें। उन्होंने कहा कि जब माँ गंगा स्वच्छ होगी तभी हम सब स्वस्थ होंगे और एक स्वस्थ वातावरण बनेगा, जिससे हमारी धार्मिक आस्था भी प्रबल होगी और माँ गंगा व प्रकृति का आशीर्वाद प्राप्त होगा। इस दौरान उन्होंने सभी को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण तथा नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और पौधरोपण भी कराया। उन्होंने पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी सभी को सौंपते हुए जन-जन को इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया। अंत में प्रवीण सिंह ने स्वच्छ काशी, सुंदर काशी, हरित काशी का नारा लगाते हुए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।







Users Today : 32
Users Yesterday : 303