45 विदेशी पर्यटकों को लेकर काशी पहुंची महाराजा एक्सप्रेस का हुआ भव्य स्वागत
धार्मिक नगरी काशी में विदेशी पर्यटकों के आगमन के साथ ही नए टूरिस्ट सीजन की धमाकेदार शुरुआत हो गई है। इसी कड़ी में दुनिया की सबसे लग्जरी ट्रेनों में शुमार ‘महाराजा एक्सप्रेस’ (Maharaja’s Express) वाराणसी जंक्शन पहुँची, जिसमें सवार होकर 45 विदेशी व विशिष्ट मेहमानों का दल काशी पहुँचा है। ट्रेवल ओशन के निदेशक अभिषेक सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हर साल अक्टूबर से मार्च तक चलने वाले विदेशी टूरिस्ट सीजन की शुरुआत ‘महाराजा एक्सप्रेस’ के संचालन से होती है।
इस लग्जरी ट्रेन का सफर दिल्ली से शुरू होकर जयपुर, रणथंभौर, आगरा और खजुराहो होते हुए वाराणसी तक पहुंचता है और फिर वापस दिल्ली लौटता है। ट्रेन ही इन पर्यटकों का चलता-फिरता फाइव-स्टार होटल होती है, जो अलग-अलग पर्यटन स्थलों पर रुकती है। वाराणसी पहुंचने के बाद इन विदेशी मेहमानों के लिए खास शेड्यूल तय किया गया है। पर्यटक वाराणसी पहुँचने के बाद सबसे पहले ऐतिहासिक नगरी सारनाथ की सैर करते हैं। इसके बाद दोपहर के भोजन (लंच) का आनंद लेते हैं।यात्रा के अंतिम चरण में पर्यटक माँ गंगा के घाटों पर पहुँच कर भव्य गंगा आरती और नौका विहार का लुत्फ उठाते हैं। ‘महाराजा एक्सप्रेस’ अपनी शाही सुविधाओं के लिए वैश्विक स्तर पर प्रसिद्ध है। इसमें यात्रा करने वाले लोग दुनिया भर के एलीट और चुनिंदा उच्च वर्ग से ताल्लुक रखते हैं। इस ट्रेन के भीतर फाइव-स्टार होटल के शेफ द्वारा तैयार किए जाने वाले लजीज व्यंजन, मल्टी-कुजीन रेस्टोरेंट, बार, स्पा, जिम, और प्रेसिडेंशियल सुइट जैसी तमाम विश्वस्तरीय लग्जरी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं। टूरिस्ट सीजन की इस पहली ट्रेन के वाराणसी आगमन पर स्थानीय स्तर पर पारंपरिक तरीके से ढोल-नगाड़ों और ताशों की गूंज के साथ विदेशी मेहमानों का भव्य स्वागत किया गया। इस ट्रेन के संचालन से काशी के पर्यटन उद्योग और स्थानीय कारोबार को एक नई गति मिलने की उम्मीद है।






Users Today : 13
Users Yesterday : 115