एयर शो में स्वास्थ्य विभाग मुस्तैद, 142 लोगों का उपचार
नमो घाट सहित विभिन्न घाटों पर मेडिकल टीमें तैनात, गंभीर रूप से बीमार बच्चे को अस्पताल में कराया गया भर्ती
वाराणसी, 24 अक्टूबर 2026।
वायु सेना द्वारा शनिवार को आयोजित हवाई प्रदर्शन के दौरान दर्शकों को त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जनपद के विभिन्न गंगा घाटों पर व्यापक व्यवस्थाएं की गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह के निर्देशन में नमो घाट सहित विभिन्न घाटों पर चिकित्सकीय टीमें तैनात की गईं। आकस्मिक स्थिति में मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन. पी. सिंह ने बताया कि हवाई प्रदर्शन के दौरान विभिन्न घाटों पर स्थापित चिकित्सा शिविरों में कुल 142 लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। इनमें निर्जलीकरण (शरीर में पानी की कमी), माइग्रेन (आधे सिर में दर्द), गर्मी के कारण थकावट, तीव्र गैस्ट्राइटिस (पेट में जलन एवं सूजन), उल्टी, चक्कर आने तथा सर्दी-जुकाम से पीड़ित लोग शामिल थे। चिकित्सकीय टीमों ने मरीजों की स्थिति के अनुसार जांच, प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं।
नमो घाट पर बीमार हुए बच्चे को प्राथमिक उपचार देने के उपरांत जिला प्रशासन के सहयोग एवं संबंधित विभागों के समन्वय से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस के माध्यम से शीघ्र चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उसे भर्ती कर उपचार उपलब्ध कराया गया।
हवाई प्रदर्शन के दौरान किसी भी आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिकित्सकीय टीमों के साथ एंबुलेंस सेवा भी सक्रिय रखी गई। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को संबंधित चिकित्सालयों तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बड़े सार्वजनिक आयोजनों में लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से चिकित्सकीय टीमों को आवश्यक संसाधनों के साथ तैनात किया गया, जिससे दर्शकों को मौके पर ही चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
सीएमओ ने आमजन से अपील की कि ऐसे आयोजनों के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, धूप एवं गर्मी से बचाव करें तथा अस्वस्थ महसूस होने पर तत्काल निकटतम चिकित्सा शिविर में संपर्क करें। गंभीर लक्षण होने पर चिकित्सा सहायता लेने में विलंब न करें। <This message was edited>








Users Today : 165
Users Yesterday : 228