Home » Uncategorized » काशीवासियों के अभिवादन के लिए कार से बाहर आए प्रधानमंत्री मोदी, नमो घाट तक दिखा उत्सवी माहौल

काशीवासियों के अभिवादन के लिए कार से बाहर आए प्रधानमंत्री मोदी, नमो घाट तक दिखा उत्सवी माहौल

काशीवासियों के अभिवादन के लिए कार से बाहर आए प्रधानमंत्री मोदी, नमो घाट तक दिखा उत्सवी माहौल

पुलिस लाइन से नमो घाट तक 12 स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुआ पीएम नरेन्द्र मोदी का भव्य स्वागत

ढोल-नगाड़ों, डमरू की गूंज, शंखनाद और पुष्पवर्षा से पीएम का अभिनंदन

‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों से गूंजा मार्ग

 

 

 

 

वाराणसी, 25 अक्टूबर।  भारतीय वायु सेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर वाराणसी में ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  रविवार को वाराणसी में थे। इस दौरान काशी ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक अंदाज में प्रधानमंत्री और अपने सांसद का भव्य स्वागत किया। पुलिस लाइन हेलीपैड से नमो घाट तक करीब आठ किलोमीटर के मार्ग पर जगह-जगह उत्सव जैसा माहौल नजर आया। भाजपा कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने पुष्पवर्षा कर पीएम मोदी का अभिनंदन किया। काशीवासियों का उत्साह देखकर प्रधानमंत्री ने कार से बाहर निकलकर हाथ हिलाते हुए लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरे मार्ग को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। भाजपा कार्यकर्ताओं ने रास्ते में 12 पॉइंट बनाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री का स्वागत किया। कहीं ढोल-नगाड़ों की गूंज सुनाई दी, तो कहीं डमरू वादन, शंखनाद और पारंपरिक नृत्य के जरिए काशी की सांस्कृतिक छटा देखने को मिली। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग अपने सांसद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। काशीवासियों ने ‘जय श्रीराम’, ‘हर-हर महादेव’ और ‘मोदी-मोदी’ के नारों के साथ प्रधानमंत्री  का जोरदार स्वागत किया।

नमो घाट की ओर बढ़ते काफिले के साथ सड़क के किनारे खड़े लोग लगातार अपने मोबाइल कैमरों से प्रधानमंत्री की फोटो खींचते दिखाई दिए। पीएम को देखते ही उनका जोश दोगुना हो जाता था और वे उनके समर्थन में नारे लगाने लगते। एयर शो आयोजन के जोश के बीच प्रधानमंत्री के स्वागत का यह नजारा काशी की सांस्कृतिक परंपरा, जन-भागीदारी और उत्सवी माहौल की जीवंत तस्वीर दर्शाता नजर आया।

 

 

 

 

ढोल-नगाड़े, डमरुओं की गूंज और शंखनाद के बीच पीएम मोदी का काशी में अभूतपूर्व स्वागत
********  
पुलिस लाइन से नमोघाट तक जगह-जगह स्वागत के लिए सजे मंच, गुलाब की पंखुड़ियों से हुआ प्रधानमंत्री का अभिनंदन
********
महिला मोर्चा से मंत्री, विधायक, महापौर और संगठन के पदाधिकारी तक उतरे सड़क पर
********
हर-हर महादेव और मोदी जी को जयश्री राम के उद्घोष से गूंज उठी काशी
*********
पुलिस लाइन, चौकाघाट, गोलगड्डा, कज्जाकपुरा और नमोघाट तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने संभाली कमान, स्वागत स्थलों पर जुटे सैकड़ों समर्थक

*********
वाराणसी 25 अक्टूबर:–  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के काशी पहुंचने पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी ने स्वागत के जरिए राजनीतिक और संगठनात्मक ताकत का व्यापक प्रदर्शन किया। पुलिस लाइन से नमोघाट तक शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह स्वागत स्थल बनाए गए। ढोल-नगाड़ों की थाप, डमरू दल की गूंज, शंखनाद और ‘हर-हर महादेव’ के उद्घोष के बीच प्रधानमंत्री का गुलाब की पंखुड़ियां बरसाकर अभिनंदन किया गया। स्वागत अभियान में भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं से लेकर प्रदेश और महानगर स्तर के पदाधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों, महापौर तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने भागीदारी की। अलग-अलग स्थानों पर नेताओं की अगुवाई में कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

भाजपा ने प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर पुलिस लाइन से नमोघाट तक कई स्वागत स्थल निर्धारित किए थे।जहां बड़ा चौकी का मंच बनाया गया था, इन स्वागत स्थलों पर पार्टी के कार्यकर्ता एवं काशी वासी पहले से बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। स्वागत की इस श्रृंखला में महिला मोर्चा की भागीदारी से लेकर जनप्रतिनिधियों और संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी तक, पार्टी ने पूरे मार्ग पर अपनी सक्रियता प्रदर्शित की।

महिला मोर्चा से शुरुआत, पुलिस लाइन पर मंत्रियों और पदाधिकारियों ने संभाला मोर्चा

स्वागत की शुरुआत पुलिस लाइन के मुख्य द्वार पर महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने की। यहां सुनीता राजेश सिंह, पूजा दीक्षित, कुसुम पटेल, नेहा कक्कड़, प्रज्ञा पांडेय और महिमा चिंतक सहित महिला मोर्चा की सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इसके बाद पुलिस लाइन के सामने राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल और अरविंद सिंह के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। पुलिस लाइन चौराहे पर महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, अशोक जाटव और अखिलेंद्र सिंह सन्नी की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। इस दौरान स्वागत स्थलों पर हर-हर महादेव के उद्घोष और पुष्पवर्षा के जरिए उत्साह प्रदर्शित किया गया।

खजूरी से गोलगड्डा तक जनप्रतिनिधियों ने संभाली स्वागत की कमान

खजूरी-मकबूल आलम रोड पर यस बैंक के सामने हुकुलगंज तिरमुहानी के पास महापौर अशोक कुमार तिवारी के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान नवीन कपूर, नीरज जायसवाल और मदन मोहन दुबे सहित मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

चौकाघाट लकड़ी मंडी में विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय और प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी की अगुवाई में अजय गुप्ता, अमित खरे और शोभनाथ मौर्य सहित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। गोलगड्डा तिराहे पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव और प्रदेश कोषाध्यक्ष मनीष कपूर के नेतृत्व में राहुल सिंह, दिनेश सिंह दिनू और दीपेश वशिष्ठ सहित सैकड़ों कार्यकर्ता स्वागत के लिए जुटे। कज्जाकपुरा में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ और विद्यासागर राय की अगुवाई में जगन्नाथ ओझा, मधुप सिंह तथा योगेश सिंह पिंकू सहित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। वहीं भदऊं चुंगी मोड़ पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में आत्मा विश्वेश्वर, संदीप चौरसिया और सुनील यादव सहित दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

रेलवे डाट पुल से नमोघाट तक पुष्पवर्षा, जगह-जगह जुटे कार्यकर्ता

स्वागत अभियान की अगली कड़ी में रेलवे डाट पुल से पहले अमित पटेल रिंकू, कृष्णकांत मिश्र कल्लू, विनय मौर्य, शशिकांत कुशवाहा और डिम्पल उपाध्याय सहित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया। नमोघाट जाने वाली ढलान पर विजय राज यादव, गोविन्द दास गुप्ता, शशांक श्रीवास्तव और शशिकांत गिरी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। नमोघाट के नीचे गजीबो रोड पर बृजेश राजभर, अमन सोनकर, युसूफ खान, अमित सिंह पीयूष सहित कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।

नमोघाट स्थित सीएनजी स्टेशन के सामने जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल,  सुरेंद्र गौतम, विजय गौंड, ज्ञानचंद पटेल और गुड्डू सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया। पुलिस लाइन से नमोघाट तक स्वागत स्थलों की श्रृंखला में भाजपा के विभिन्न स्तरों के नेताओं और कार्यकर्ताओं की भागीदारी देखने को मिली। ढोल-नगाड़ों, डमरुओं, शंखनाद और पुष्पवर्षा के बीच हुए स्वागत ने प्रधानमंत्री के काशी आगमन को पार्टी के लिए बड़े राजनीतिक और संगठनात्मक आयोजन का रूप दिया।

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *