नए भारत का निर्माण बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के बिना संभव नहीं है- राज्य मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु
‘नए भारत में छात्राओं की भूमिका’ विषय पर संवाद कार्यक्रम का आयोजन

राजातालाब। राष्ट्रीय महिला उत्थान समिति के तत्वावधान में सोमवार को सुबह 11 बजे ज्ञान दायनी महिला महाविद्यालय अकेलवां में “शिक्षा जीवन के लिए, जीवन वतन के लिए” थीम पर “नए भारत में छात्राओं की भूमिका” संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावित्री बाई फुले के चित्र पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में आयुष राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार उत्तर प्रदेश डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु ने अपने संबोधन में कहा कि नए भारत का निर्माण बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता के बिना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि सावित्री बाई फुले ने जिस शिक्षा की अलख जगाई थी, आज उसी के बल पर हमारी बेटियां हर क्षेत्र में नेतृत्व कर रही हैं। बेटियों को शिक्षित होना, जागरूक होना और राष्ट्र निर्माण में बढ़-चढ़कर भाग लेना होगा। विशिष्ट मुख्य अतिथि प्रदेश प्रवक्ता भाजपा उत्तर प्रदेश एवं पूर्व मेयर वाराणसी कौशलेन्द्र पटेल ने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में नारी सशक्तीकरण केवल नारा नहीं बल्कि संकल्प बन चुका है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ से लेकर लखपति दीदी और ड्रोन दीदी तक योजनाओं ने महिलाओं को नई उड़ान दी है। छात्राओं को सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग और राष्ट्रवादी विचारों के साथ आगे बढ़ना चाहिए। मुख्य वक्ता के रूप में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष आयुषी श्रीमाली ने छात्राओं से संवाद करते हुए कहा कि नए भारत में छात्राओं की भूमिका सिर्फ सहभागी की नहीं बल्कि नेतृत्वकर्ता की है। उन्होंने कहा कि छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ अपने अधिकारों, अपने इतिहास और अपनी संस्कृति को समझें और आत्मनिर्भर भारत के लिए कौशल विकास पर ध्यान दें। कार्यक्रम के आयोजक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद काशी प्रांत के पूर्व प्रांत प्रमुख विनय पांडेय ने कहा कि राष्ट्रीय महिला उत्थान समिति का उद्देश्य शिक्षा के माध्यम से महिलाओं को स्वावलंबी बनाना है। इस संवाद कार्यक्रम का मुख्य लक्ष्य छात्राओं को नए भारत के निर्माण में अपनी भूमिका समझाना और उन्हें राष्ट्र प्रथम की भावना से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि हम ऐसे संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव और कॉलेज-कॉलेज तक बेटियों को जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं। कार्यक्रम का आयोजन भाजपा युवा मोर्चा वाराणसी के महानगर मंत्री श्रीपति मिश्रा एडवोकेट के साथ संयुक्त रूप से किया गया। कार्यक्रम का संचालन विनय पांडे तथा धन्यवाद ज्ञापन ममता सिंह ने की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की छात्राएं, शिक्षिकाएं एवं समिति के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








Users Today : 312
Users Yesterday : 240