‘मां से बढ़कर सास मां’ का फर्स्ट लुक जारी, 20 नवंबर को होगा वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर
संचिता बनर्जी, शारदा नवल और आकाश यादव की दिखेगी अहम भूमिका, एडवाइज भोजपुरी के यूट्यूब चैनल पर रिलीज होगी फिल्म
भोजपुरी सिनेमा में पारिवारिक रिश्तों और भावनाओं पर आधारित एक नई फिल्म ‘मां से बढ़कर सास मां’ दर्शकों के बीच दस्तक देने को तैयार है। फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसने भोजपुरी दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। फिल्म का वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर 20 नवंबर 2026 को एडवाइज भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।
एडवाइज मूवीज प्रस्तुत इस फिल्म का शीर्षक ही इसकी कहानी को लेकर दर्शकों के मन में कई सवाल खड़े करता है। आमतौर पर सास-बहू के रिश्ते को लेकर फिल्मों और धारावाहिकों में अलग-अलग कहानियां देखने को मिलती हैं, लेकिन ‘मां से बढ़कर सास मां’ का शीर्षक इस रिश्ते के भावनात्मक और सकारात्मक पहलू को सामने लाने का संकेत देता है। फिल्म का फर्स्ट लुक भी पारिवारिक रिश्तों, अपनापन और भावनाओं की दुनिया की झलक पेश करता है।
जारी पोस्टर में अभिनेत्री संचिता बनर्जी लाल परिधान में आकर्षक और प्रभावशाली अंदाज में नजर आ रही हैं। वहीं शारदा नवल, आकाश यादव और अन्य कलाकारों की झलक भी पोस्टर में देखने को मिल रही है। पोस्टर के डिजाइन और फिल्म के अनूठे नाम ने इसे चर्चा में ला दिया है।

फिल्म में संचिता बनर्जी, शारदा नवल, आकाश यादव, गोपाल चौहान, सुबोध सेठ, बब्लू खान, ललित उपाध्याय, सुजीत सार्थक, कंचन मिश्रा, सुषमा प्रेणा और सनी शर्मा प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की निर्मात्री पूनम यादव हैं, जबकि निर्देशन संजय श्रीवास्तव ने किया है।
भोजपुरी फिल्मों के डिजिटल दर्शकों को ध्यान में रखते हुए फिल्म को सीधे यूट्यूब प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा रहा है। 20 नवंबर को होने वाला इसका वर्ल्ड डिजिटल प्रीमियर खास होने की उम्मीद है। पारिवारिक मनोरंजन पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह फिल्म एक नया विकल्प बन सकती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘मां से बढ़कर सास मां’ अपनी कहानी और किरदारों के जरिए दर्शकों के दिलों में कितनी जगह बना पाती है।








Users Today : 34
Users Yesterday : 100