पटना। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह 25 नवंबर को परिणय सूत्र में बंध गईं। बीते एक महीने से बिहार की सियासत और सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बनी इस भव्य शादी में लाखों लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। ‘छोटे सरकार’ के नाम से मशहूर अनंत सिंह के इस पारिवारिक समारोह में राजनीति और भोजपुरी सिनेमा की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की, लेकिन एक खास चेहरे की मौजूदगी ने सियासी गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

ललन सिंह की मौजूदगी ने बढ़ाई सियासी हलचल

इस हाई-प्रोफाइल शादी में सबसे ज्यादा चौंकाने वाला नाम केंद्रीय मंत्री और जदयू (JDU) के वरिष्ठ नेता ललन सिंह का रहा। अनंत सिंह को पार्टी से निष्कासित किए जाने और जदयू के अन्य बड़े नेताओं द्वारा इस समारोह से दूरी बनाए रखने के बावजूद, ललन सिंह न केवल मोकामा पहुंचे बल्कि वर-वधू को आशीर्वाद भी दिया। समारोह से दोनों नेताओं की बातचीत का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ललन सिंह आयोजन की प्रतियोगिताओं और पुरस्कारों के बारे में पूछते नजर आ रहे हैं। सियासी जानकारों के मुताबिक, ललन सिंह की इस उपस्थिति के बिहार की राजनीति में गहरे मायने निकाले जा रहे हैं।

राजनीति और भोजपुरी सिनेमा के दिग्गजों का लगा जमावड़ा

शिवांगी सिंह की इस ग्रैंड वेडिंग में वीवीआईपी मेहमानों का तांता लगा रहा। राजनीतिक दिग्गजों में उत्तर प्रदेश के बाहुबली नेता बृजभूषण शरण सिंह हेलीकॉप्टर से सीधे समारोह स्थल पर पहुंचे। उनके अलावा बिहार विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार, पूर्व केंद्रीय मंत्री रामकृपाल यादव और बीजेपी सांसद विवेक ठाकुर ने भी नवदंपति को शुभकामनाएं दीं। वहीं, मनोरंजन जगत से भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह, अभिनेत्री अक्षरा सिंह, गुंजन सिंह, रोशन रोही और नीलम गिरी ने अपनी मौजूदगी से समारोह की रौनक बढ़ाई।

हाथी-घोड़ों के साथ दिखा ‘छोटे सरकार’ का शाही अंदाज

अनंत सिंह इस मौके पर अपने चिर-परिचित शाही अंदाज में नजर आए। समारोह स्थल को हाथी-घोड़ों और भव्य सजावट से शाही रूप दिया गया था। बेटी की शादी के उपलक्ष्य में अनंत सिंह ने पूरे बिहार को महाभोज का खुला निमंत्रण दिया था। करीब 5 लाख लोगों के बैठने और भोजन की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि विशाल पंडाल में तिल रखने तक की जगह नहीं बची।

हेलीकॉप्टर से ई-रिक्शा तक: महाकुंभ जैसा दिखा नजारा
पटना और मोकामा सहित बिहार के कोने-कोने से लोगों का हुजूम इस दावत में शामिल होने के लिए निकल पड़ा। जिसे जो साधन मिला, वह उसी से समारोह स्थल तक पहुंचा—जहां एक तरफ वीआईपी मेहमान हेलीकॉप्टर और लग्जरी गाड़ियों से उतरे, वहीं आम लोग ट्रेन, बाइक, साइकिल और ई-रिक्शा के जरिए मोकामा पहुंचे। कार्यक्रम स्थल के बाहर और भीतर उमड़े इस अपार जनसैलाब को देखकर लोगों को महाकुंभ के मेले जैसा नजारा देखने को मिला।







Users Today : 65
Users Yesterday : 59