वाराणसी में गंगा और वरुणा एलीवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं को मिली शानदार प्रतिक्रिया; चार पैकेजों के लिए 32 निविदाएं प्राप्त
वाराणसी में गंगा और वरुणा एलीवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं के निर्माण के लिए भाराराप्रा को निविदादाताओं से उत्साहजनक भागीदारी (Response) मिली।

भीड़भाड़ कम करने और शहरी संपर्क में सुधार करने के लिए गंगा और वरूणा नदियों के किनारे एलिवेटेड कॉरिडोर के लिए, दो परियोजनाओं के कुल चार पैकेजों के लिए 32 निविदाएं प्राप्त हुईं।
नई दिल्ली, 27 नवंबर 2026: भाराराप्रा को वाराणसी में गंगा और वरुणा नदियों के किनारे दो प्रमुख एलीवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं के विकास के लिए निविदादाताओं से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है, जो शहर में यातायात जाम को कम करने और प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और परिवहन केंद्रों से क्नेक्टिविटी में सुधार करने में मदद करेंगी। इन दोनों परियोजनाओं की संयुक्त लंबाई लगभग 89.2 किमी है, जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी में वरुणा नदी के किनारे एनएच-31 और वाराणसी रिंग रोड को; तथा गंगा नदी के किनारे एनएच-19 और वाराणसी रिंग रोड को आपस में जोड़ेंगी। इन परियोजनाओं को जुलाई 2026 में आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति द्वारा मंजूरी दी गई थी।
दोनों परियोजनाओं को प्रत्येक दो पैकेजों में बनाया जाएगा। वरुणा एलीवेटेड कॉरिडोर को पैकेज-I के लिए आठ निविदाएं और पैकेज-II के लिए सात निविदाएं प्राप्त हुईं। इसी प्रकार, गंगा एलीवेटेड कॉरिडोर को पैकेज-I के लिए आठ निविदाएं और पैकेज-II के लिए नौ निविदा प्राप्त हुईं। इस प्रकार, सभी चार पैकेजों को मिलाकर कुल 32 निविदाएं प्राप्त हुईं, जो राजमार्ग विकासकर्ताओं की उत्साहजनक भागीदारी को दर्शाती हैं।
वरुणा एलेवेटेड कॉरिडोर: एनएच-31 और वाराणसी रिंग रोड के बीच बेहतर क्नेक्टिविटी
43.2 किमी लंबा वरुणा एलीवेटेड कॉरिडोर वरुणा नदी के किनारे चलने वाले एनएच-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। यह परियोजना हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल (एचएएम) पर कुल पूंजी लागत ₹10,998.32 करोड़ के साथ लागू की जाएगी और यह महत्वपूर्ण परिवहन टर्मिनलों के साथ-साथ वाराणसी शहर के प्रमुख स्थानों तक बेहतर पहुंच प्रदान करेगी। इस परियोजना में मुख्य रूप से ऊँचाई पर स्थित 6/4-लेन का कॉरिडोर शामिल है, जिसमें मुख्य मार्ग, फ्लाईओवर, लूप, रैंप, सर्विस रोड शामिल हैं और इसे दो पैकेजों में बनाया जाएगा।
यह कॉरिडोर वाराणसी यातायात सुगमीकरण योजना का एक प्रमुख घटक है और यह एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच निर्बाध क्नेक्टिविटी प्रदान करेगा, साथ ही वाराणसी रिंग रोड, वाराणसी हवाई अड्डा, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, वाराणसी जंक्शन, दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, रामनगर बंदरगाह, संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के घाट और संलग्न चंदौली क्षेत्र तक पहुंच में काफी सुधार करेगा। ।
80–100 किमी/घंटा की परिचालन गति के लिए डिज़ाइन किया गया यह परियोजना एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा समय को लगभग 40 मिनट से घटाकर 20 मिनट कर देगी, जो लगभग 50 प्रतिशत की कमी दर्शाता है। यह शहर के सड़क नेटवर्क में भीड़-भाड़ को काफी कम करेगा, सड़क सुरक्षा में सुधार करेगा, वाहन संचालन लागत को कम करेगा और यात्री तथा माल यातायात की तेज, निर्बाध आवाजाही को सुगम बनाएगा।
यह परियोजना एक आर्थिक नोड (चंदौली सामाजिक आर्थिक क्षेत्र), एक सामाजिक नोड (चंदौली) और छह प्रमुख लॉजिस्टिक्स नोड्स तक, पहुंच में सुधार करके क्षेत्रीय क्नेक्टिविटी को भी सुदृढ़ करेगी, जिससे प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप बहु-मोडल एकीकरण को बढ़ावा मिलेगा। यह कृषि उत्पादों, औद्योगिक वस्तुओं, निर्माण सामग्री और खनिजों की कुशल आवाजाही को सुगम बनाएगी, लॉजिस्टिक्स दक्षता में सुधार करेगी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सतत आर्थिक विकास का समर्थन करेगी।
गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर: नदी तट की कनेक्टिविटी और प्रमुख गंतव्यों तक पहुँच को सुदृढ़ करेगा
46 किमी लंबा एलिवेटेड गंगा कॉरिडोर एनएच-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा, जिससे गंगा नदी के किनारे नदी तट क्नेक्टिविटी प्रदान करेगा। यह परियोजना हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल (एचएएम) पर कुल पूंजी लागत ₹14,447.64 करोड़ से बनाई जाएगी। परियोजना को दो पैकेजों में विभाजित किया गया है और इसमें छह लेन का एलिवेटेड मुख्य कैरिज़वे, 910 मीटर लंबा केबल-स्टेड पुल, 1.32 किमी लंबा एक्सट्राडोस्ड फुट ओवर ब्रिज-कम-मेजर ब्रिज, लूप, रैंप, लिंक रोड और सर्विस रोड का निर्माण शामिल है।
इस कॉरिडोर को वाराणसी एवं चंदौली के सड़क नेटवर्क में भीड़ कम करने के लिए एक परिवर्तनकारी शहरी गतिशीलता परियोजना के रूप में विकसित किया जाएगा, जो एनएच-19, वाराणसी रिंग रोड (एनएच-135बी), रामनगर/बीएचयू और अन्य प्रमुख शहरी गंतव्यों के बीच एक उच्च-गति, पहुँच-नियंत्रित कनेक्शन प्रदान करेगी। 80–100 किमी/घंटा की परिचालन गति के लिए डिज़ाइन किया गया, यह औसत यात्रा समय को लगभग 60 मिनट से घटाकर 20 मिनट कर देगा, जो लगभग 67 प्रतिशत की कमी दर्शाता है। एनएच-19 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा समय लगभग 50 मिनट से घटकर लगभग 25 मिनट हो जाएगा, जिससे लगभग 25 मिनट (लगभग 50 प्रतिशत) की बचत होगी।
पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप, यह कॉरिडोर प्रमुख राजमार्गों, रेलवे स्टेशनों, लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डे और रामनगर आईडब्ल्यूएआई बंदरगाह तक निर्बाध पहुंच प्रदान करके बहु-मोडल क्नेक्टिविटी को मजबूत करेगा, साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), नमो घाट, रामनगर किला और वाराणसी के घाट सहित प्रमुख धार्मिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक स्थलों के साथ क्नेक्टिविटी में काफी सुधार करेगा। महत्वपूर्ण आर्थिक, सामाजिक और लॉजिस्टिक केंद्रों को जोड़कर, यह परियोजना लॉजिस्टिक दक्षता में सुधार करेगी, सड़क सुरक्षा को बढ़ाएगी, पर्यटन और तीर्थयात्रा को सुगम बनाएगी, और पूर्वी उत्तर प्रदेश में सतत क्षेत्रीय आर्थिक विकास का समर्थन करेगी।
ये दोनों एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाएँ वाराणसी शहर की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को पूरा करने के उद्देश्य से हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों, रिंग रोड और प्रमुख शहर स्थलों के बीच बेहतर क्नेक्टिविटी प्रदान करके, ये परियोजनाएँ शहरी केंद्र में यातायात जाम को कम करने, स्थानीय और पारगमन यातायात की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने तथा निवासियों, यात्रियों और तीर्थयात्रियों के लिए पहुँच में सुधार करने में मदद करेंगी। ये परियोजनाएँ पर्यटन और तीर्थयात्रा संबंधी गतिविधियों का भी समर्थन करेंगी, आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करेंगी और वाराणसी तथा आसपास के क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान देंगी।







Users Today : 152
Users Yesterday : 80