काशी तमिल संगमम् 5.0-बीएचयू में ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में दौड़े सैकड़ों युवा, कुलपति ने दिखाई हरी झंडी
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में शुक्रवार सुबह काशी-तमिल संगमम् 5.0 को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। संगमम् के तहत आयोजित ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ में सैकड़ों युवाओं ने हिस्सा लिया। सुबह सात बजे मालवीय भवन से शुरू हुई दौड़ रविदास गेट तक पहुंची। युवाओं ने दौड़ के जरिए काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक जुड़ाव और ‘विविधता में एकता’ का संदेश दिया।

दौड़ की शुरुआत बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी ने हरी झंडी दिखाकर की। इस दौरान युवाओं का उत्साह देखकर कुलपति भी काफी प्रभावित नजर आए। उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में युवाओं को देखकर हमें भी उत्साह मिला है। बीएचयू अपने आप में एक राष्ट्र की तरह है, जहां देश के हर राज्य के विद्यार्थी पढ़ाई करते हैं। यहां अलग-अलग भाषा, संस्कृति और परंपराओं के लोग एक साथ रहते हैं।

उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् के माध्यम से प्राचीन सभ्यता, आध्यात्मिक परंपराओं और संगीत का संगम देखने को मिलेगा। यह आयोजन काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, भाषायी और आध्यात्मिक रिश्तों को और मजबूत करने का माध्यम है।
इस बार काशी तमिल संगमम् 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित होगा। पांचवें संस्करण की थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलवोम-थिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। थिरुक्कुरल तमिल भाषा का प्राचीन और प्रसिद्ध ग्रंथ है, जिसमें नैतिकता, जीवन मूल्यों और अच्छे आचरण की सीख दी गई है। संत कवि थिरुवल्लुवर ने इसे अरम (सद्गुण), पोरुल (धन और समाज व्यवस्था) और इन्बम (प्रेम) तीन भागों में बांटा है। इस ग्रंथ के विचारों को अनुवाद के माध्यम से तमिल भाषा से बाहर भी विद्यार्थियों और आम लोगों तक पहुंचाने की पहल की जा रही है।
कार्यक्रम की निगरानी और समन्वय नोडल अधिकारी प्रो. अंचल श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि काशी-तमिल संगमम् उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सांस्कृतिक रिश्तों को मजबूत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। यह दोनों क्षेत्रों की साझा विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का काम कर रहा है। ‘रन फॉर केटीएस 5.0’ भी इसी प्रयास का हिस्सा है, जिसमें युवाओं ने उत्साह के साथ भागीदारी की।







Users Today : 152
Users Yesterday : 80