केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर वाराणसी में जनकल्याण योजनाओं का महाकुंभ, शुक्रवार शाम पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी
2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और 2017 में मुख्यमंत्री योगी के बागडोर संभालने के बाद से उत्तर प्रदेश में विकास की गति हुई तेज
जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाएं और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव करने वाली योजनाओं ने लाभार्थियों के जीवन को दी नई दिशा
स्ट्रीट वेंडर तथा कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को करेंगे स्वीकृति पत्र का वितरण, जनकल्याण शिविर का भी होगा आयोजन
13 जून को मुख्यमंत्री बीएचयू में आयोजित विज्ञान भारती के 7 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे

वाराणसी,11 जून। केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर योगी सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन कर रही है। इसमें हिस्सा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर 12 जून, शुक्रवार की शाम वाराणसी पहुंच रहे है।
वर्ष 2014 में केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और 2017 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बागडोर संभालने के बाद प्रदेश में विकास की गति काफी तेज हो गई। जनहित से जुड़ी विकास परियोजनाएं और लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव करने वाली योजनाओं ने लाभार्थियों के जीवन को नई दिशा दी है।
शुक्रवार शाम को गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल, चौकाघाट में विभिन्न विभागों द्वारा प्रदर्शनी एवं शिविर का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र / प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। उनके काल भैरव मंदिर एवं श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करने की भी आशा है। शनिवार को मुख्यमंत्री काशी हिंदू विश्वविद्यालय में आयोजित विज्ञान भारती के 7 वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, वैदिक विज्ञान केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में भारत तथा विदेश से लगभग 1200 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। विज्ञान भारती के सदस्य, वैज्ञानिक, शोधकर्ता, शिक्षाविद, नीति-निर्माता, उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं विभिन्न विषयों के विशेषज्ञ सहभागिता करेंगे।
गिरिजा देवी सांस्कृतिक संकुल में सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए जा रहे हैं। जिनमें मुख्य रूप से कृषि, उद्यान, पर्यटन, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, श्रम, हथकरघा, मत्स्य, पशुपालन एवं डेयरी, पंचायती राज, मुख्यमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास मिशन, सेवायोजन तथा नेडा सहित कई विभागों के स्टॉल हैं। इसके अलावा ‘एक जनपद एक व्यंजन’ के अंतर्गत बनारस की प्रसिद्ध लस्सी, तिरंगा बर्फी, लौंगलता और पान को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना के तहत लकड़ी के खिलौने और गुलाबी मीनाकारी के उत्पाद भी यहां होंगे।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग हेतु विशेष टीम मौजूद रहेगी, दिव्यांग चिकित्सा बोर्ड के अंतर्गत अस्थि रोग, शल्य चिकित्सा एवं ईएनटी विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। वहीं नेत्र परीक्षण एवं परामर्श के लिए विशेषज्ञ नेत्र रोग चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा आपातकालीन चिकित्सा सहायता हेतु एम्बुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। आयुष्मान भारत योजना से संबंधित जानकारी एवं पात्र लाभार्थियों के लिए सहायता उपलब्ध कराने हेतु आयुष्मान मित्रों, सामान्य चिकित्सा एवं गैरसंचारी रोग (एनसीडी) की स्क्रीनिंग के लिए चिकित्सकों एवं फार्मासिस्ट की टीम भी मौजूद रहेगी है।







Users Today : 4
Users Yesterday : 51