पत्र सूचना कार्यालय द्वारा वाराणसी में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में ‘केंद्र सरकार के 12 साल- विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ विषय पर ‘वार्तालाप कार्यक्रम’ (मीडिया कार्यशाला) का किया गया आयोजन,
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में काशी सहित पूरे देश में अभूतपूर्व विकास एवं आधारभूत संरचना का विस्तार हुआ है, जिससे आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है: श्री रवीन्द्र जायसवाल, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन, उत्तर प्रदेश
पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, सामाजिक उत्थान और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में हुए कार्यों ने विकसित भारत-2047 की मजबूत नींव रखी है: श्री अशोक तिवारी, महापौर, वाराणसी
मीडिया कार्यशाला में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास यात्रा की भी जानकारी दी गयी। उपस्थित पत्रकारों ने भी सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों पर रखा अपना विचार।
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जन कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पत्र सूचना कार्यालय, वाराणसी द्वारा आज वाराणसी में ‘‘केंद्र सरकार के 12 साल – विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’’ विषय पर वार्तालाप कार्यक्रम (मीडिया कार्यशाला) का आयोजन किया गया। मीडिया कार्यशाला में 100 से अधिक मीडिया संस्थानों के प्रतिनिधियों द्वारा भागीदारी की गयी।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन श्री रवीन्द्र जायसवाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में वाराणसी के महापौर श्री अशोक तिवारी ने संबोधित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्य अतिथि श्री रवीन्द्र जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में काशी सहित पूरे देश में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं, जिनका प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है।
राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में कृषि क्षेत्र में व्यापक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग का बजट 27 हजार करोड़ रुपये से बढ़कर 1.40 लाख करोड़ रुपये कर दिया गया है तथा पीएम-किसान योजना के तहत किसानों को 4.28 लाख करोड़ रुपये से अधिक की प्रत्यक्ष सहायता प्रदान की जा चुकी है।
मुख्य अतिथि श्री जायसवाल ने कहा कि सड़क, परिवहन और आधारभूत संरचना के व्यापक विकास ने देश में कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान की है। उन्होंने कहा कि वाराणसी को गाजीपुर, गोरखपुर, आजमगढ़, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र सहित विभिन्न जिलों से बेहतर सड़क संपर्क प्राप्त हुआ है, जिससे आवागमन सुगम हुआ है और क्षेत्रीय विकास को बल मिला है।
श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, आयुष्मान भारत तथा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया है। उन्होंने कहा कि आज देश के करोड़ों परिवारों को पक्के मकान, गैस कनेक्शन, शौचालय और निःशुल्क खाद्यान्न जैसी सुविधाएं उपलब्ध हो रही हैं।
श्री जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में “विकास भी, विरासत भी” के मंत्र को साकार करते हुए काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक एवं केदारनाथ धाम का पुनर्विकास तथा अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों ने भारत की सांस्कृतिक विरासत, आस्था और धार्मिक पर्यटन को नई ऊर्जा प्रदान की है।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि एवं वाराणसी के महापौर श्री अशोक तिवारी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों में महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, आधारभूत संरचना, रक्षा एवं विदेश नीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, जननी सुरक्षा योजना तथा आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं सशक्तिकरण को नई दिशा मिली है। स्वयं सहायता समूहों, लखपति दीदी एवं नमो ड्रोन दीदी जैसी पहलों के माध्यम से महिलाओं की आर्थिक क्षेत्र में भागीदारी बढ़ी है।
महापौर श्री अशोक तिवारी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों की यह यात्रा केवल योजनाओं और आंकड़ों की नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों के विश्वास, परिश्रम और आकांक्षाओं की यात्रा है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, सामाजिक उत्थान, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प ने विकसित भारत-2047 की मजबूत नींव तैयार की है।
मीडिया कार्यशाला को वाराणसी जंक्शन के स्टेशन निदेशक श्री अर्पित गुप्ता ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारतीय रेलवे ने सुरक्षा, गति, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने बताया कि रेलवे के लिए बजटीय सहायता वर्ष 2014-15 के 32,000 करोड़ रुपये से बढ़कर वर्ष 2025-26 में 2.78 लाख करोड़ रुपये हो गई है।
श्री अर्पित गुप्ता ने कहा कि जनवरी 2026 में वंदे भारत स्लीपर सेवा की शुरुआत तथा देशभर में 60 अमृत भारत ट्रेनों का संचालन रेलवे के आधुनिकीकरण का प्रमाण है। वर्ष 2025-26 में रेलवे से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़कर 741 करोड़ हो गई है और भारतीय रेलवे प्रतिदिन दो करोड़ से अधिक यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा रही है। साथ ही अप्रैल 2026 तक 208 रेलवे स्टेशनों का आधुनिक सुविधाओं के साथ उन्नयन किया जा चुका है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा अनुभव प्राप्त हो रहा है।
मीडिया कार्यशाला को काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष तथा वरिष्ठ पत्रकार श्री अरुण मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जो समाज और सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है। श्री अरुण मिश्रा ने कहा कि पत्रकार जनहित के मुद्दों को सामने लाकर शासन-प्रशासन को संवेदनशील और जवाबदेह बनाये रखने में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
उन्होंने कहा, “पत्रकारिता लोकतंत्र का सशक्त स्तंभ है। जनप्रतिनिधियों और सरकार द्वारा किए गए कार्यों को जनता तक पहुंचाने तथा जनसमस्याओं को शासन के संज्ञान में लाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है।”
कार्यक्रम के संयोजक एवं पत्र सूचना कार्यालय तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो के निदेशक श्री दिलीप कुमार शुक्ल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि वार्तालाप कार्यक्रम का उद्देश्य केंद्र सरकार की प्रमुख उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकासात्मक पहलों से संबंधित जानकारियों को मीडिया के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाना है। निदेशक श्री दिलीप शुक्ल ने सभी अतिथियों, वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
मीडिया कार्यशाला में उपस्थित पत्रकारों ने भी केंद्र सरकार द्वारा देश के सर्वांगीण विकास हेतु किए गए कार्यों पर अपने विचार रखें तथा केंद्र सरकार के 12 वर्षों की प्रमुख उपलब्धियों, विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
***







Users Today : 14
Users Yesterday : 51