“उन्नाव पुलिस का बड़ा खुलासा: सर्राफा व्यापारी से हुई लूट का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार”
एंकर __ उन्नाव पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। औरास थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई लाखों रुपये की चांदी की लूट का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब 8 किलो चांदी के जेवर, साढ़े चार लाख रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद की है।
मामला 8 जून 2026 का है, जब औरास थाना क्षेत्र के सीसी चौराहा स्थित एक ज्वैलरी दुकान के संचालक प्रभात कुमार दुकान बंद कर चांदी के आभूषण लेकर अपने गांव जा रहे थे। रास्ते में जंगल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें रोककर चांदी और नकदी से भरा बैग लूट लिया था।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसओजी, सर्विलांस और औरास पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई थी। चुनौती यह थी कि घटनास्थल के आसपास करीब 16 किलोमीटर तक कोई सीसीटीवी कैमरा मौजूद नहीं था।
लगातार जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने लखनऊ के मटियारी क्षेत्र से रंजीत यादव, चंद्रशेखर पाल और लूट का माल खरीदने वाले ज्वैलर आशीष कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की पूरी वारदात कबूल कर ली।
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी रंजीत ने करीब पांच महीने पहले सर्राफा व्यापारी की रेकी शुरू की थी। इसके बाद साथियों के साथ कई दिनों तक निगरानी कर वारदात को अंजाम दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब 8 किलो चांदी के जेवर, एक सोने का लॉकेट, एक सोने की अंगूठी, 4 लाख 50 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त हीरो सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वारदात को अंजाम देते थे ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें।
पुलिस ने बताया कि आरोपी दूर-दराज के इलाकों में स्थित उन ज्वैलरी दुकानों को निशाना बनाते थे, जहां तिजोरी नहीं होती थी। कई महीनों तक रेकी करने के बाद सुनसान और सीसीटीवी मुक्त स्थानों पर लूट की वारदात को अंजाम दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
एंकर आउट्रो:
उन्नाव पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। घटना का खुलासा करने वाली टीम को पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।








Users Today : 0
Users Yesterday : 38