-महापौर ने सिगरा फल मंडी रोड पर सीएम ग्रिड योजना के कार्यों का किया स्थलीय निरीक्षण
-11.61 करोड़ रुपये की लागत से तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक संवर रही है सड़क
-गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, तय समयसीमा में कार्य पूरा करने के सख्त निर्देश
वाराणसी : मानसून को देखते हुए नगर निगम शहर में जल निकासी व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने में जुटा हुआ है । साथ ही स्वच्छता और सुगमता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है । इस क्रम में मंगलवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने सिगरा स्थित फल मंडी रोड पर मुख्यमंत्री ग्रीन रोड्स इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड्स) के तहत चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को बरसात में शहर के सभी गलीपीट को तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया, ताकि कहीं भी जलभराव की स्थिति पैदा न हो और जनता को आवागमन में कोई असुविधा न झेलनी पड़े।
महापौर ने मुख्यमंत्री सीएम ग्रिड्स योजना के तहत सिगरा में चल रहे विकास कार्यों का जमीनी हकीकत परखने के साथ ही अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को कार्यों में तेजी लाने व उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। सिगरा फल मंडी सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य 11.61 करोड़ रुपये की लागत से कराया जा रहा है। सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत तिलक मूर्ति से भारत सेवाश्रम तक के 610 मीटर लंबे इस मार्ग पर ड्रेनेज, फुटपाथ और आधुनिक स्ट्रीट लाइटों का निर्माण कार्य तेज गति से जारी है। उन्होंने कहा कि इन आधुनिक सुविधाओं के पूरा होने से स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
”हमारा संकल्प शहर के हर कोने को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से लैस करना है। तय समयसीमा के भीतर इन परियोजनाओं को पूरा कर काशीवासियों को समर्पित किया जाएगा। कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी।”








Users Today : 13
Users Yesterday : 35