भारतीय शिक्षा व्यवस्था विश्व की सबसे मजबूत और सर्वसमावेशी : प्रो. हरेंद्र कुमार सिंह
चंदौली। भारतीय शिक्षण मंडल, काशी प्रांत एवं राहुल नॉलेज सिटी एजुकेशनल कैंपस, महुअर कलां के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘भारतीय शिक्षा एवं संस्कृति’ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी सह परिचय वर्ग का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय शिक्षा पद्धति, सांस्कृतिक मूल्यों और मातृभाषा आधारित शिक्षा की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य वक्ता भारतीय शिक्षण मंडल काशी प्रांत के उपाध्यक्ष, पूर्व कुलपति एवं बीएचयू के पूर्व डीन प्रो. हरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि भारत की शिक्षा व्यवस्था विश्व की सबसे मजबूत और सर्वसमावेशी व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन का लक्ष्य स्पष्ट रखना चाहिए और सकारात्मक सोच के साथ योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना चाहिए। विकसित भारत का निर्माण केवल योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज के सामूहिक प्रयास और कर्तव्यबोध से संभव है।

मुख्य अतिथि भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय सह-प्रचार प्रमुख एवं बीएचयू के आचार्य डॉ. अनिल कुमार सिंह ने कहा कि नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और गुरुकुल परंपरा से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण भी है।
विशिष्ट वक्ता शासकीय महिला महाविद्यालय, डीएलडब्ल्यू, वाराणसी की संस्कृत विभागाध्यक्ष प्रो. रचना शर्मा ने मातृभाषा में शिक्षा को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्य और नैतिक शिक्षा को पाठ्यक्रम का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दादी-नानी की कहानियां और भारतीय परंपराएं बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय शिक्षण मंडल की वाराणसी एवं चंदौली जिला कार्यकारिणी की घोषणा भी की गई। वाराणसी के संयोजक संजीव राय ‘बिल्लू’, सह-संयोजक छवि अग्रवाल एवं डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, जबकि चंदौली के संयोजक आनंद कुमार तिवारी (सोनू) तथा सह-संयोजक डॉ. निशा सिंह, नवीन कुमार सिंह एवं सारिका त्रिपाठी को मनोनीत किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. अशोक कुमार ज्योति ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन सचिन कुमार सिंह ने दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Users Today : 7
Users Yesterday : 56