टूटी नालियों, उखड़ी सड़कों और पानी के रिसाव पर नगर आयुक्त सख्त
– पांडेयपुर व खजूरी वार्ड का किया व्यापक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं को देख जताई गहरी नाराजगी
-पांडेयपुर में नाली निर्माण, विंध्यवासिनी नगर में चेंबर जोड़ने तथा कॉलोनियों में पानी के लीकेज वाल बदलने के दिए आदेश
-सड़कों को बदहाल छोड़ने पर एनओसी की जांच कराने, और महावीर अखाड़ा कुंड के जल को चेंबर में मिलाने का प्रस्ताव तलब

वाराणसी : पांडेयपुर और खजूरी वार्ड में निरीक्षण के दौरान टूटी नालियों, खोदी गई सड़कों, पानी के रिसाव और पार्कों की बदहाली पर नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नाराजगी जताई है। उन्होंने अधिकारियों को नाली निर्माण, रेस्टोरेशन कार्य, पार्कों के सौंदर्यीकरण और बिजली-पानी की समस्याओं को तत्काल सुधारने हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत कर कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान शहर की विभिन्न कॉलोनियों और मुख्य मार्गों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जलभराव, क्षतिग्रस्त सड़कों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े हर मुद्दे पर सख्त रुख अपनाते हुए संबंधित विभागों और जलकल के अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया। पांडेयपुर स्थित महावीर मंदिर के पास क्षतिग्रस्त नाली के कारण सड़क पर जलभराव व कीचड़ की समस्या को देखते हुए इसे ‘केसी ड्रेन’ स्लोप के साथ ठीक कराने का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। इस क्रम में, महावीर अखाड़ा स्थित कुंड के पास दसवां श्राद्ध के दौरान होने वाले स्नान के जल भराव को रोकने के लिए पार्षद के अनुरोध पर एलएंडटी द्वारा विंध्यवासिनी नगर कॉलोनी में डाली गई लाइन के चेंबर से जोड़ने का प्रस्ताव प्रस्तुत करने को कहा गया। खजूरी ऑफिसर्स कॉलोनी के पाथवे, मार्ग, ड्रेनेज व्यवस्था और कॉलोनी के पीछे पीट बनाकर उत्तरी रिक्त भूमि को टीन शेड से कवर कर उपयोग में लाने का निर्देश दिया गया।
खजूरी वार्ड की गलियों और मुख्य मार्गों पर जेई तथा विद्युत विभाग द्वारा पाइपलाइन व केबल डालने के बाद सड़कों और इंटरलॉकिंग को बदहाल छोड़ दिए जाने पर नाराजगी जताई गई। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि यह जांच की जाए कि क्या इन स्थानों के लिए विभाग को एनओसी दी गई थी या नहीं। यदि बिना अनुमति या मानकों की अनदेखी कर मार्ग क्षतिग्रस्त छोड़े गए हैं, तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए सड़कों को उनके मूल स्वरूप में रिस्टोर कराया जाए।
पार्कों का कायाकल्प और जलकल की लापरवाही पर नकेल
खजूरी ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित पार्क और डीआईजी व प्रशांत पुरी कॉलोनी स्थित पार्कों के सौंदर्यीकरण का विस्तृत प्रस्ताव मांगा गया है। ऑफिसर्स कॉलोनी के सरकारी प्लॉट पर पड़े पाइप हटाकर टीन शेड से कवर कर सफाई चौकी/हाथ ठेला रखने व सुरक्षा गेट लगाने, रिक्त जमीन पर नया पार्क विकसित करने तथा स्मार्ट सिटी के तहत सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए। वहीं, पार्कों में स्थित ओवरहेड वॉटर टैंक की चाबी वाल से हर छ्ह महीने में होने वाले लीकेज को रोकने के लिए जलकल अधिशासी अभियंता को समय-समय पर चेकिंग व वाल बदलने के निर्देश दिए गए। डीआईजी/प्रशांत पुरी कॉलोनी में टंकी के रिसाव को रोकने, पेंटिंग कराने, पार्क से मलबा हटाने, समतलीकरण, ग्रीन ग्रास, हाईमास्ट व अन्य लाइटों को चालू करने, बच्चों के लिए इक्विपमेंट व स्केटिंग एरिया, सिंचाई पाइपलाइन चालू करने तथा टहलने वालों के लिए सिटिंग एरिया (पखवाड़ा) बनाने का प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।








Users Today : 2
Users Yesterday : 32