बरेका ने बनाया नया रिकॉर्ड, एक माह में 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण

वाराणसी।बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने जुलाई 2026 में एक ही माह में 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह किसी भी वित्तीय वर्ष में एक माह के भीतर बरेका का अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है।इस ऐतिहासिक उपलब्धि में बरेका ने भारतीय रेल के लिए 44 डब्ल्यूएजी-9एचसी मालवाहक विद्युत रेल इंजन, 13 डब्ल्यूएपी-7 यात्री विद्युत रेल इंजन तथा 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजन तैयार किए। इससे पूर्व बरेका का सर्वोच्च मासिक उत्पादन मार्च 2025 में 61 इंजन था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है।स्थापना से अब तक बरेका द्वारा कुल 11,445 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। “मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड” की अवधारणा के तहत बरेका अब तक 11 देशों को 182 रेल इंजनों का निर्यात कर चुका है। निर्यात वाले देशों में मोजाम्बिक, म्यांमार, श्रीलंका, सूडान, तंजानिया, बांग्लादेश, माली, सेनेगल, अंगोला, वियतनाम एवं मलेशिया शामिल हैं।इस सफलता पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि टीम की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि बरेका वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 468 विद्युत रेल इंजनों का लक्ष्य निर्धारित समय से पूर्व और गुणवत्ता के साथ पूरा करेगा।






Users Today : 0
Users Yesterday : 16