भारत कौशल प्रतियोगिता (India Skills Competition) 2026-27 के लिए पंजीकरण प्रारंभ।
………………………… चंदौली 21 अगस्त, राजकीय आई टी आई रेवसा,कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय, भारत सरकार (MSDE) द्वारा देश के प्रतिभावान एवं कुशल युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए भारत कौशल प्रतियोगिता (India Skills Competition) 2026-27′ का शुभारंभ किया गया है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से सफल प्रतिभागी आगे चलकर विश्व कौशल एशिया प्रतियोगिता-2027 और विश्व कौशल प्रतियोगिता-2028 (World Skills Competition) में प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता के लिए स्किल इंडिया डिजिटल हब (SIDH) पर ऑनलाइन पंजीकरण प्रारंभ हो चुका है। भारत कौशल प्रतियोगिता देश की प्रमुख कौशल-आधारित प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसका उद्देश्य युवाओं में व्यावसायिक कौशल के प्रति रुचि एवं उत्कृष्टता को बढ़ावा देना तथा उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप कुशल प्रतिभाओं की पहचान करना है। वर्ष 2026-27 की प्रतियोगिता में 83 उद्योग-उन्मुख एवं भविष्य की आवश्यकताओं से संबंधित कौशल श्रेणियां शामिल की गई हैं, जिनमें उन्नत विनिर्माण, निर्माण, डिजिटल तकनीक, इंजीनियरिंग, आतिथ्य, परिवहन, रचनात्मक उद्योग तथा उभरते हुए क्षेत्रों से संबंधित कौशल शामिल हैं। प्रतियोगिता का आयोजन जिला, राज्य,क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को उन्नत प्रशिक्षण एवं मूल्यांकन के अवसर प्राप्त होंगे तथा योग्य प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार किया जाएगा I

जनपद के सभी आईटीआई पॉलिटेक्निक, कौशल प्रशिक्षण संस्थानों महाविद्यालयों विश्वविद्यालयों एवं अन्य प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत/ प्रशिक्षित प्रतिभावान युवाओं से अपील की जाती है कि वे भारत कौशल प्रतियोगिता 2026-27 में अधिक से अधिक सख्या में प्रतिभाग करें और अपनी कौशल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त करें। इच्छुक अभ्यर्थी Skill India Digital Hub (SIDH)’ के माध्यम से https://www-skillindiadigital.gov.in के पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते है तथा पंजीकरण की अन्तिम तिथि दिनांक 15 सितम्बर 2026 है। प्रतियोगिता एवं पंजीकरण से संबंधित विस्तृत जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध है। यह जानकारी एक प्रेस विज्ञप्ति में प्रधानाचार्य / जिला समन्यायक, उ0प्र0 कौशल विकास मिशन चन्दौली द्वारा दी गयी है।








Users Today : 50
Users Yesterday : 44