पुलिस मुठभेड़ में बदमाश के पैर में लगी गोली, साथी गिरफ्तार
भीमपुरा क्षेत्र में इब्राहिम पट्टी-उदाहरण मार्ग पर हुई कार्रवाई, आभूषण और नकदी बरामद
बलिया। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भीमपुरा थाना पुलिस की शुक्रवार देर रात बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। इब्राहिम पट्टी-उदाहरण मार्ग पर प्रेमरजा गांव के पास पुलिस की घेराबंदी देखकर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी। वहीं, भाग रहे उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, रात्रि गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने प्रेमरजा गांव के पास घेराबंदी की। इसी दौरान पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अरविंद सोनी (42), निवासी वार्ड नंबर 12 पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय (बिहार) के पैर में गोली लगी। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
मुठभेड़ के दौरान दूसरा आरोपित पंकज सोनी (19), निवासी बिहार, भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, चोरी के तीन पीली धातु के आभूषण, 15,600 रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपितों ने महिलाओं के आभूषण साफ करने के बहाने उन्हें चोरी करने और इसके बाद फरार होने की बात बताई है। पुलिस दोनों आरोपितों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।








Users Today : 34
Users Yesterday : 40