जर्जर मकान की दीवार भरभराकर गिरी, बाल-बाल बचे लोग
चौकाघाट त्रिमुहानी पर हादसे से मची अफरा-तफरी, नीचे लगती है मोमोज की दुकान
वाराणसी। चौकाघाट त्रिमुहानी के पास मैत्री मेडिकल के बगल में और चौरा माता मंदिर के सामने वर्षों से जर्जर पड़े मकान की दीवार शुक्रवार को भारी बारिश के बीच अचानक भरभराकर गिर गई। दीवार गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
स्थानीय लोगों के अनुसार जर्जर मकान के नीचे मोमोज की दुकान लगती है और सामान्य दिनों में यहां काफी भीड़ रहती है। बारिश के कारण शुक्रवार को अपेक्षाकृत कम लोग मौजूद थे। इसी दौरान अचानक दीवार का हिस्सा गिर गया और मलबा आसपास खड़े लोगों के ऊपर जा गिरा। लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान काफी समय से जर्जर स्थिति में है। भवन को गिराने के लिए संबंधित विभाग को सूचना देने और कार्रवाई की मांग किए जाने की बात भी सामने आई है। इसके बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
लोगों ने प्रशासन से जर्जर भवन का तत्काल निरीक्षण कराकर सुरक्षा के दृष्टिगत आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते भवन को सुरक्षित तरीके से नहीं हटाया गया तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।








Users Today : 30
Users Yesterday : 40