चाकूबाजी में एक युवक की मौत, तीन आरोपित हिरासत में
पाटीदारों के विवाद में दो सगे भाइयों पर हमला, एक की मौत; दूसरे की हालत गंभीर, बीएचयू रेफर
बलिया। उभांव थाना क्षेत्र के सोनाडीह (दोथ) गांव में पाटीदारों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गाली-गलौज के दौरान हुई चाकूबाजी में दो सगे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के दौरान बड़े भाई अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई, जबकि छोटे भाई मंजेश सिंह की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने मृतक की पुत्री की तहरीर पर पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से तीन आरोपितों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। फरार दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
विवाद शांत कराने पहुंचे थे दोनों भाई
बताया गया कि सोनाडीह गांव में किसी बात को लेकर रामकरण सिंह और उनके पाटीदारों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो रही थी। आरोप है कि अमरेश बहादुर सिंह और उनके छोटे भाई मंजेश सिंह विवाद को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे। इसी दौरान रामकरण सिंह व उनके परिवार के सदस्यों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और ग्रामीण उन्हें उपचार के लिए सीएचसी सीयर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को बेहतर इलाज के लिए मऊ रेफर कर दिया। इलाज के दौरान अमरेश बहादुर सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, मंजेश सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बाद में बीएचयू वाराणसी भेजा गया।
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने परिजनों से घटना की जानकारी लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी। मृतक की पुत्री की तहरीर पर पांच नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने नामजद आरोपितों में से तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, दो अन्य आरोपित घटना के बाद से फरार बताए जा रहे हैं।
फरार आरोपितों की तलाश में तीन टीमें
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों को लगाया गया है। टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार आरोपितों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने पुलिस टीमों को मामले में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।








Users Today : 53
Users Yesterday : 51