- बांसडीह से केतकी सिंह को दोबारा टिकट न देने के संकेत, निषाद पार्टी नेता ने साधा निशाना
बलिया।
निषाद पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं बांसडीह निवासी संजय सिंह ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी और भाजपा गठबंधन के तहत बांसडीह विधानसभा सीट निषाद पार्टी की है और पार्टी इस सीट पर मजबूत तैयारी कर रही है। उन्होंने बांसडीह की वर्तमान भाजपा विधायक केतकी सिंह पर अवसर की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व 2027 में उन्हें दोबारा प्रत्याशी बनाने पर विचार कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि बांसडीह में विकास कार्य अपेक्षा के अनुरूप नहीं हुए हैं।
संजय सिंह चार दिनों के प्रवास पर बलिया स्थित अपने आवास पर पहुंचे हैं। 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्हें उत्तर प्रदेश के तीन जिलों का प्रभारी भी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि बलिया की सातों विधानसभा सीटों पर बूथ स्तर से लेकर संगठन स्तर तक तैयारी की जा रही है। बेहतर रणनीति के साथ पार्टी 2027 के चुनाव में उतरेगी और सातों सीटों पर जीत हासिल करने का प्रयास करेगी।
केतकी सिंह पर लगाया अवसर की राजनीति का आरोप
बांसडीह विधायक केतकी सिंह के निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद के मंच पर नजर नहीं आने के सवाल पर संजय सिंह ने कहा कि केतकी सिंह अवसर की राजनीति करती हैं। उन्होंने कहा कि 2017 में बांसडीह सीट गठबंधन में जाने के बाद भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की बात न मानकर उन्होंने निर्दल चुनाव लड़ा और हार गईं। इसके बाद 2022 में सीट निषाद पार्टी के खाते में जाने पर उन्होंने भाजपा में शामिल होकर निषाद पार्टी के साथ काम करने का भरोसा दिया था।
संजय सिंह ने कहा कि अब उन्हें लगता है कि निषाद पार्टी की आवश्यकता नहीं है। पार्टी इस पूरे मामले की समीक्षा कर रही है और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें भी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि 2027 में केतकी सिंह को दोबारा प्रत्याशी बनाया जाएगा या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
‘थाने और कचहरी की राजनीति से बाहर निकलना होगा’
संजय सिंह ने बांसडीह विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह क्षेत्र के दौरे पर हैं और उन्हें विकास की स्थिति संतोषजनक नहीं दिखाई दे रही है। हाल ही में वह बंधे पर गए थे, जहां कटान की स्थिति का जायजा लिया। उनका आरोप है कि साढ़े चार वर्षों में कटान की समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त नियोजन के साथ काम नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि बांसडीह विधानसभा क्षेत्र का संगठन भी इससे दुखी है। उनके अनुसार क्षेत्र में जनता के विकास के बजाय थाने और कचहरी की राजनीति अधिक हुई है। उन्होंने कहा कि राजनीति को इससे बाहर निकालकर जनता के बीच जाकर विकास के मुद्दों पर काम करने की आवश्यकता है।
संजय सिंह ने दावा किया कि बांसडीह विधानसभा सीट निषाद पार्टी की है और रहेगी। हालांकि प्रत्याशी को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा।
बाइट— संजय सिंह, छत्तीसगढ़ प्रभारी, निषाद पार्टी








Users Today : 26
Users Yesterday : 70