Home » liveup » मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा संकल्प से राष्ट्र निर्माण में जुटेगा युवा:– डॉ. हेमांग जोशी

मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा संकल्प से राष्ट्र निर्माण में जुटेगा युवा:– डॉ. हेमांग जोशी

मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा संकल्प से राष्ट्र निर्माण में जुटेगा युवा:– डॉ. हेमांग जोशी

17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक चलेगी ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’, देशभर के 1,000 से अधिक युवा होंगे शामिल

20 मार्गों से 10 राज्यों के 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी यात्रा

हर पड़ाव पर 25 तरह की सेवा गतिविधियां, नदियों के जल से काशी विश्वनाथ और वडनगर में होगा जलाभिषेक

वाराणसी 14 सितंबर:– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को देश के युवाओं तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ का आयोजन किया जा रहा है। 17 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर तक चलने वाली यह यात्रा एक साथ दो दिशाओं—वडनगर से वाराणसी और वाराणसी से वडनगर—में निकलेगी। देश के विभिन्न हिस्सों से 1,000 से अधिक युवा सेवा यात्री इसमें शामिल होंगे।

 


भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने आज यहां सर्किट हाउस में पत्र प्रतिनिधियों से वार्ता करते हुए कहा कि यह आयोजन महज बाइक यात्रा नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा जीवन से प्रेरणा लेकर देश की युवा शक्ति को सेवा, समाज और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का व्यापक अभियान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का सार्वजनिक जीवन युवाओं के लिए सेवा, समर्पण और ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना की प्रेरणादायी यात्रा है। वाराणसी से वडनगर तक की यह सेवा यात्रा उसी जीवन दर्शन को युवा शक्ति के संकल्प में बदलने का प्रयास है।

 

डॉ. जोशी ने कहा कि उद्देश्य युवाओं को बदलाव का केवल दर्शक बनाना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र निर्माण का सक्रिय सहभागी बनाना है। उनके अनुसार वडनगर प्रधानमंत्री मोदी के बचपन, संघर्ष और प्रारंभिक जीवन की प्रेरणा का प्रतीक है, जबकि वाराणसी उनके वर्तमान लोकसभा क्षेत्र और जनसेवा के महत्वपूर्ण अध्याय का प्रतीक है। इन दोनों स्थानों को सेवा के माध्यम से जोड़ना प्रधानमंत्री की जीवन यात्रा को युवा शक्ति के संकल्प से जोड़ने का प्रतीक है।

देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचेंगे सेवा यात्री

डॉ. हेमांग जोशी ने बताया कि यात्रा में तमिलनाडु, असम, पश्चिम बंगाल, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, बिहार और पूर्वोत्तर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से युवा शामिल होंगे। अलग-अलग भाषाओं, क्षेत्रों और संस्कृतियों से आने वाले ये युवा एक साथ सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि विविधता में एकता की यह तस्वीर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को और मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि यात्रा 20 अलग-अलग मार्गों से होकर गुजरेगी। इन मार्गों का नाम भारत की पवित्र नदियों के नाम पर रखा गया है। दोनों दिशाओं में चलने वाली यह यात्रा 10 राज्यों, 193 जिलों, 773 तहसीलों और 1,159 गांवों तक पहुंचेगी। इस दौरान युवा केवल यात्रा पूरी करने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि प्रत्येक पड़ाव को सामाजिक सरोकार और सेवा गतिविधियों से जोड़ेंगे।

हर पड़ाव पर सेवा, स्वागत फूल-मालाओं से नहीं स्वच्छता से

डॉ. जोशी के मुताबिक यात्रा का प्रत्येक पड़ाव युवाओं के लिए सेवा का अवसर बनेगा। लगभग 25 प्रकार की सेवा गतिविधियों के माध्यम से सेवा यात्री स्थानीय समाज से सीधे जुड़ेंगे। इनमें वृक्षारोपण एवं सेवा वाटिका, स्वच्छता अभियान, नशा मुक्त भारत अभियान, टीबी मुक्त भारत अभियान, साधु-संत सम्मान, सफाई कर्मचारियों का सम्मान, जल संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जागरूकता सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा का संदेश स्पष्ट है—“स्वागत फूल-मालाओं से नहीं, सेवा और स्वच्छता से होगा।” इसी सोच के तहत ‘स्वच्छता से स्वागत’ पहल भी शुरू की गई है। इसके अंतर्गत सेवा यात्रियों के किसी स्थान पर पहुंचने से दो दिन पहले स्थानीय भाजयुमो कार्यकर्ताओं की ओर से वहां स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इस तरह यात्रा के स्वागत को औपचारिकता के बजाय सामाजिक भागीदारी और जनसेवा से जोड़ा जाएगा।

नदियों के जल से जुड़ेगा काशी और वडनगर

यात्रा में आस्था, संस्कृति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के लिए पवित्र नदियों के जल को भी महत्वपूर्ण प्रतीक बनाया गया है। वडनगर से वाराणसी आने वाले सेवा यात्री गुजरात की पवित्र नदियों का जल लेकर काशी विश्वनाथ धाम पहुंचेंगे और बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। वहीं वाराणसी से वडनगर जाने वाले सेवा यात्री उत्तर प्रदेश की पवित्र नदियों का जल लेकर वडनगर के श्री हाटकेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक करेंगे।

डॉ. हेमांग जोशी ने कहा कि भारत की नदियां केवल जल का स्रोत नहीं हैं, बल्कि देश की सभ्यता, संस्कृति और आस्था की जीवनधारा हैं। ऐसे में नदियों के जल को यात्रा से जोड़कर सांस्कृतिक एकता, आस्था और सेवा के साझा संकल्प को अभिव्यक्त किया गया है। वाराणसी और वडनगर को जल की इस सांस्कृतिक कड़ी से जोड़ना यात्रा का विशेष आकर्षण होगा।

‘सेवा से राष्ट्र निर्माण’ को बनाएंगे जीवन का हिस्सा

भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन के माध्यम से यह संदेश दिया है कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि समाज की सेवा और राष्ट्र निर्माण है। ‘वाराणसी से वडनगर सेवा यात्रा’ इसी विचार को देश के युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के जनसेवा जीवन से प्रेरणा लेकर भाजयुमो का प्रयास है कि देश का युवा अपने-अपने क्षेत्र में सेवा को जीवन का हिस्सा बनाए और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों और क्षेत्रों से आने वाले युवा जब सेवा के एक साझा संकल्प के साथ एक साथ यात्रा करेंगे तो इससे न केवल संगठनात्मक स्तर पर युवाओं के बीच संपर्क मजबूत होगा, बल्कि समाज के विभिन्न वर्गों के साथ उनका सीधा जुड़ाव भी बढ़ेगा। यात्रा के माध्यम से युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण के व्यापक अभियान का सहभागी बनाने का प्रयास किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता के अंत में सेवा यात्री द्वारा यात्रा के दौरान पहनी जाने वाली टी शर्ट लॉन्च की गयी
सेवा संकल्प अभियान के तहत अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं और स्वयंसेवकों के लिए विशेष अभियान टी-शर्ट को लॉन्च किया गया ।

पत्रकार वार्ता में राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश के सह प्रभारी जगदीश पटेल, प्रदेश के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौड़, प्रदेश महामंत्री दिलीप पटेल, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित मिश्रा, भाजयुमो के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अमनदीप सिंह, काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष नवरतन राठी, संतोष सोलापुरकर आदि मुख्य रुप से उपस्थित थे

Liveupweb
Author: Liveupweb

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *