दुर्गाकुंड वार्ड में नीलकंठ तिवारी का 61वां वार्ड प्रवास, सफाई व्यवस्था पर जताई नाराजगी
वाराणसी। शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी का 76 दिवसीय वार्ड प्रवास अभियान लगातार जारी है। अभियान के 61वें दिन गुरुवार को उनका काफिला दुर्गाकुंड वार्ड पहुंचा। यहां भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका स्वागत किया।
वार्ड प्रवास की शुरुआत दुर्गाकुंड पुलिस चौकी के पास से हुई, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक एकत्रित हुए। इसके बाद डॉ. नीलकंठ तिवारी ने दुर्गा मंदिर के आसपास स्वयं झाड़ू लगाकर सफाई अभियान चलाया और लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
इसके बाद विधायक आनंद बाग पार्क का निरीक्षण करने पहुंचे। पार्क में जगह-जगह गंदगी देखकर उन्होंने अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने जोनल अधिकारी को पार्क की नियमित साफ-सफाई और निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को समय-समय पर स्वयं मौके पर जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लेना चाहिए, ताकि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
इसके बाद डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बनकटी हनुमान मंदिर की गली में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्माण कार्य को निर्धारित समय में जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
वार्ड प्रवास के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर कार्यकर्ताओं ने दुर्गाकुंड पुलिस चौकी के पास 76 किलो का लड्डू काटकर जन्मदिन मनाया। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उत्साह के साथ प्रधानमंत्री के जन्मदिवस का जश्न मनाया।








Users Today : 2
Users Yesterday : 70