भारी बारिश के बीच युद्ध स्तर पर विद्युत बहाल रखने के निर्देश, पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष ने दिए विशेष सतर्कता के आदेश
लखनऊ 26सितंबर :प्रदेश में हो रही लगातार और अप्रत्याशित बारिश को देखते हुए उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन ने बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। प्रमुख सचिव ऊर्जा एवं उ.प्र. पावर कॉर्पोरेशन के अध्यक्ष रणवीर प्रसाद ने लेसा समेत प्रदेश के सभी डिस्कॉम (वितरण निगमों) के अधिकारियों को युद्ध स्तर पर कार्य कर जल्द से जल्द बिजली बहाल करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि यदि कहीं भी लोकल फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति बाधित होती है, तो उसे कम से कम समय में ठीक किया जाए। इसके लिए मरम्मत करने वाले गैंग को पूरी तरह सक्रिय रहने को कहा गया है। साथ ही, फॉल्ट की सूचना संचार माध्यमों के जरिए उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन अनिवार्य
बरसात के दौरान किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना से बचने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। अध्यक्ष ने निर्देश दिए कि लाइनमैन और कर्मचारी सुरक्षा उपकरण पहनकर ही अनुरक्षण (मेंटेनेंस) का कार्य करें।
पेड़ गिरने से बढ़े ब्रेकडाउन, शक्ति भवन में 24 घंटे कंट्रोल रूम सक्रिय
अत्यधिक बारिश के कारण प्रदेश में कई जगहों पर पेड़ और टहनियां गिरने से ब्रेकडाउन की घटनाएं बढ़ी हैं। वर्तमान में लखनऊ कंट्रोल रूम के अनुसार 11 केवी के 716 फीडर और 33 केवी के 173 सब-स्टेशन प्रभावित हुए हैं।

स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए शक्ति भवन में 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां 6 अधीक्षण अभियंताओं की तैनाती की गई है। निदेशक वितरण खुद सभी जिलों के कंट्रोल रूम से संपर्क कर 12 घंटे से अधिक समय से बाधित फॉल्ट, मैनपावर और सामग्री की समीक्षा कर रहे हैं। टोल फ्री नंबर 1912 पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण के भी निर्देश दिए गए हैं।
मांग घटकर 16 हजार मेगावाट से नीचे पहुंची, 24 घंटे निर्बाध आपूर्ति
बारिश के कारण प्रदेश में बिजली की मांग में भारी गिरावट दर्ज की गई है। बारिश से पहले जहां मांग 28,000 मेगावाट के आसपास थी, वहीं अब यह घटकर 16,000 मेगावाट से भी नीचे आ गई है। मांग घटने के कारण प्रदेश को बिजली कटौती से मुक्त कर दिया गया है और गांवों से लेकर महानगरों तक 24 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। अतिरिक्त बिजली को पावर एक्सचेंज में बेचा जा रहा है।
आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर
कॉर्पोरेशन अध्यक्ष ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी दुर्घटना या ब्रेकडाउन की सूचना तुरंत नीचे दिए गए नंबरों पर दें:
टोल फ्री नंबर: 1912
शक्ति भवन (लखनऊ): 0522-2288737, 0522-2288738
मध्यांचल: 0522-4950397
केस्को (कानपुर): 8189045757
पूर्वांचल: 0542-2300137
दक्षिणांचल: 9412719627
पश्चिमांचल: 9412749313







Users Today : 21
Users Yesterday : 82