प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने किया शिष्टाचार भेंट
रोहनिया।उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के विकास, वाराणसी जनपद में संचालित विकास परियोजनाओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एमएसएमई क्षेत्र तथा पीएम विश्वकर्मा योजना से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्यमंत्री ने वाराणसी में संचालित विभिन्न विकास कार्यों एवं जनहित से जुड़े प्रमुख विषयों की जानकारी प्रधानमंत्री जी को दी। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस दौरान ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो का विषय भी प्रमुख रूप से चर्चा में रहा। राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री जी को एमएसएमई विभाग की सहभागिता, प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों एवं लघु उद्योगों को उपलब्ध कराए जा रहे अवसरों तथा उत्तर प्रदेश में व्यापार एवं औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया। भेंट के दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना के माध्यम से पारंपरिक कारीगरों एवं शिल्पकारों को मिल रहे प्रशिक्षण, आधुनिक उपकरणों, ऋण सुविधा, कौशल उन्नयन एवं बाजार से जोड़ने के अवसरों पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में पारंपरिक कारीगर एवं शिल्पकार अपनी कला एवं हुनर के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं। पीएम विश्वकर्मा योजना इन कारीगरों के पारंपरिक कौशल को आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, वित्तीय सहायता और बाजार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। भेंट के दौरान प्रदेश में उद्यमिता को प्रोत्साहित करने, स्थानीय उत्पादों एवं कारीगरों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने, निवेश के अवसरों को बढ़ाने तथा एमएसएमई क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश विकास, सुशासन, जनकल्याण और रोजगार सृजन की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।








Users Today : 71
Users Yesterday : 92