गंगापुर में छत की पटिया तोड़ दुकान से 45 हजार नकदी समेत किराना सामान चोरी

रोहनिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के गंगापुर पुलिस चौकी अंतर्गत नगर पंचायत गंगापुर में चोरों के हौसले बुलंद हैं। रजिस्ट्री कार्यालय के बगल स्थित मां लक्ष्मी प्रोविजन जनरल स्टोर को चोरों ने निशाना बनाया। गांधी नगर निवासी श्याम कसौधन की दुकान में बीती रात चोर पीछे के रास्ते से पहुंचे और छत की पटिया तोड़कर अंदर घुस गए। दुकान में रखे 45 हजार रुपये नकद और किराना सामान लेकर फरार हो गए। दुकानदार श्याम कसौधन ने बताया कि रोजाना की तरह वह शाम को दुकान बंद कर गल्ले में नकदी रखकर घर चले गए थे। सुबह दुकान खोलने पर छत टूटी मिली और गल्ले से रुपये गायब थे। घटना देख उनके होश उड़ गए। सुबह जानकारी होते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और हड़कंप मच गया। रजिस्ट्री कार्यालय जैसे व्यस्त इलाके में हुई चोरी से व्यापारियों में दहशत है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। वहीं चौकी प्रभारी गंगापुर मोहम्मद परवेज ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को लिखित रूप से नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।






Users Today : 237
Users Yesterday : 421