
दीपावली की एक साँझ जब पूरा शहर अपने-अपने घरों को दीपों से सजाने की जल्दी में था, तब फुटपाथ की धूल पर एक बेबस ज़िंदगी खामोश खड़ी थी। वह चंदन था—जिसके पास न कोई नया कुर्ता था, न जेब में एक सिक्का, और न ही घर पर उसका इंतज़ार करती कोई माँ या बहन। दुनिया के लिए वह महज़ एक ‘पागल’ या भीख मांगने वाला बेसहारा था, जिसे देखकर लोग या तो अपनी आँखें फेर लेते थे या झिड़क कर दूर हटा देते थे।
सड़क किनारे एक टी-स्टॉल पर जब खाकी वर्दी पहने वह पुलिसकर्मी बैठा था, तब चंदन उसके पास आया। चंदन ने कोई हाथ नहीं फैलाया, उसने कोई भीख नहीं माँगी। उसने बस पीछे से आकर उस सिपाही के गले में अपनी दोनों बाहें डाल दीं और अपना गाल उस कठोर खाकी कॉलर से सटा दिया। जिस वर्दी की धमक से अपराधी कांपते हैं, उसी वर्दी के सीने में चंदन को एक माँ की गोद जैसी पनाह महसूस हो रही थी।
चंदन के होठों से टूटे-फूटे शब्द निकले, आँखों में आंसुओं की चमक थी—”दिवाली… आज त्यौहार है।”
सिपाही ने चंदन के कांपते हाथों को हटाया नहीं। उसने उसके चेहरे की झुर्रियों और बेबसी को देखा और पूछा, “दिवाली मनाओगे? क्या चाहिए मेरे भाई को… मिठाई खाओगे? चलो, बाज़ार चलते हैं।”
उत्साह और भावुकता के समंदर में डूबते हुए चंदन के हाथ से चाय छलक गई। गर्म चाय गिरते ही चंदन सहम गया, उसकी आँखों में वही पुराना खौफ तैर गया कि अब कोई थप्पड़ पड़ेगा या गाली सुनाई देगी। लेकिन कोई डंडा नहीं उठा, कोई आवाज़ नहीं कड़की। सिपाही ने बस चंदन के कंधे को प्यार से सहलाया और धीरे से कहा, “कोई बात नहीं… चलो, तुम्हारे लिए सामान लाते हैं।”
भीड़भाड़ से लबालब बाज़ार में जब वह पुलिसकर्मी चंदन का मैला-कुचैला हाथ अपनी उंगलियों में जकड़कर चल रहा था, तो बाज़ार की हर दुकान की चकाचौंध उस दृश्य के आगे फीकी पड़ गई थी। सिपाही ने चंदन को फुटपाथ पर खड़े रखकर नहीं, बल्कि दुकान के भीतर ले जाकर मिठाई की थालियाँ दिखाईं। उसकी पसंद पूछी। फुटपाथ पर बैठे बूढ़े दिए बेचने वालों से खील-बताशे और पूजा का सामान खरीदा।
जब सड़क पर सिपाही ने सामान से भरे वो थैले चंदन के दोनों हाथों में थमाए, तो चंदन उन थैलियों को ऐसे सीने से चिपकाए खड़ा था जैसे किसी भिखारी को खोई हुई सल्तनत मिल गई हो। उस पल चंदन की आँखों से जो दो बूँद आँसू गिरे, वे किसी दिए के तेल से कहीं ज्यादा पवित्र थे। सिपाही ने उसके सिर पर हाथ फेरा, तो ऐसा लगा मानो ईश्वर ने खुद उतरकर उस अनाथ के सिर पर हाथ रख दिया हो।
मिट्टी के दीए तो रात ढलते ही बुझ जाते हैं, मगर जब कोई इंसान किसी उपेक्षित और ठुकराए हुए रूह के अंधेरे जीवन में अपनेपन की रोशनी भरता है, तो वह दीया ज़िंदगी भर नहीं बुझता। उस सिपाही ने केवल मिठाई नहीं खरीदी थी, उसने एक टूटे हुए इंसान को यह यकीन लौटाया था कि इस बेरहम दुनिया में वह भी इंसान है, और वह भी किसी का अपना है।







Users Today : 66
Users Yesterday : 245