Home » उत्तर प्रदेश » काशी की बेटी श्रेया सिंह ने बढ़ाया मान, उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में हासिल की पांचवीं रैंक पहले ही प्रयास में मिली सफलता, बीएचयू से कर रहीं पीएचडी; परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर वाराणसी।

काशी की बेटी श्रेया सिंह ने बढ़ाया मान, उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में हासिल की पांचवीं रैंक पहले ही प्रयास में मिली सफलता, बीएचयू से कर रहीं पीएचडी; परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर वाराणसी।

 


काशी की बेटी श्रेया सिंह ने बढ़ाया मान, उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में हासिल की पांचवीं रैंक

पहले ही प्रयास में मिली सफलता, बीएचयू से कर रहीं पीएचडी; परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर

वाराणसी। काशी की प्रतिभाशाली बेटी श्रेया सिंह ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा (पीसीएस-जे) में अपने पहले ही प्रयास में पांचवीं रैंक प्राप्त कर वाराणसी का गौरव बढ़ाया है। उनकी इस सफलता से परिवार, शुभचिंतकों और क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। श्रेया की उपलब्धि उन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनी है, जो न्यायिक सेवा में जाने का सपना देख रहे हैं।

इंपीरियल पब्लिक स्कूल से बीएचयू तक का सफर

श्रेया सिंह ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा से लेकर इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई अस्सी स्थित इंपीरियल पब्लिक स्कूल, वाराणसी से पूरी की। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से पांच वर्षीय बीए-एलएलबी की डिग्री हासिल की। कानून के क्षेत्र में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के उद्देश्य से उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) से एलएलएम किया। वर्तमान में वह बीएचयू के विधि संकाय से पीएचडी कर रही हैं। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में टीचिंग असिस्टेंट के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रही हैं।

पहले प्रयास में हासिल किया पांचवां स्थान

श्रेया की यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि उन्होंने उत्तराखंड न्यायिक सेवा परीक्षा में पहले ही प्रयास में प्रदेश स्तर पर पांचवीं रैंक हासिल की है। इससे पहले भी वह अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। वर्ष 2022 में उत्तर प्रदेश न्यायिक सेवा और वर्ष 2023 में राजस्थान न्यायिक सेवा परीक्षा में उन्होंने अपने पहले प्रयास में ही साक्षात्कार तक का सफर तय किया था। लगातार प्रयास और बेहतर तैयारी के परिणामस्वरूप आखिरकार उन्होंने न्यायिक सेवा में सफलता का मुकाम हासिल कर लिया।

अनुशासित दिनचर्या और निरंतर अध्ययन को बताया सफलता का मंत्र

अपनी तैयारी की रणनीति साझा करते हुए श्रेया ने बताया कि उन्होंने अंग्रेजी माध्यम से परीक्षा की तैयारी की। इस दौरान प्रयागराज स्थित कोचिंग संस्थान से मार्गदर्शन प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान एक निश्चित समय-सारणी बनाना और उसका नियमित रूप से पालन करना बेहद जरूरी है। निरंतर अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

गुरु, परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय

अपनी इस उपलब्धि का श्रेय श्रेया ने अपने आध्यात्मिक गुरु एवं रामचंद्र मिशन/हार्टफुलनेस संस्था के अध्यक्ष तथा ग्लोबल गाइड कमलेश देसाई पटेल (दाजी) के आशीर्वाद को दिया। इसके साथ ही उन्होंने अपने बड़े पापा सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी वीरेंद्र प्रताप सिंह की प्रेरणा, माता-पिता के निरंतर सहयोग और बीएचयू में अपने पीएचडी सुपरवाइजर एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अनिल मौर्य के मार्गदर्शन को सफलता का आधार बताया।

शिक्षित परिवार से रखती हैं ताल्लुक

मूल रूप से वाराणसी के बड़ी पटिया, बजरडीहा की रहने वाली श्रेया सिंह एक शिक्षित परिवार से आती हैं। उनके पिता डॉ. रवींद्र प्रताप सिंह सेवानिवृत्त आयुर्वेद चिकित्साधिकारी हैं, जबकि माता माया सिंह रामचंद्र मिशन, वाराणसी में जोनल एवं केंद्र संयोजक के पद पर कार्यरत हैं। उनके बड़े भाई शशांक सिंह बीटेक हैं और टाटा समूह में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं दूसरे भाई मयंक सिंह एमबीए हैं और लखनऊ स्थित एलपीसीपीएस में विभागाध्यक्ष (एचओडी) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

युवाओं को दिया निरंतर प्रयास का संदेश

न्यायिक सेवा एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए श्रेया सिंह ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। विद्यार्थियों को अपनी क्षमता के अनुसार व्यावहारिक समय-सारणी तैयार करनी चाहिए और बिना घबराए पूरी ईमानदारी एवं अनुशासन के साथ निरंतर प्रयास करते रहना चाहिए। उनका मानना है कि धैर्य, मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता अवश्य प्राप्त होती है।

  1. श्रेया सिंह की इस उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और निरंतर मेहनत के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से काशी का नाम रोशन हुआ है।

 

Varsha Keshari
Author: Varsha Keshari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *