उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन एवं उत्तर प्रदेश खेल एवं शिक्षा परिषद के संयुक्त तत्वावधान में
राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन
वाराणसी। स्वर्गीय श्री श्याम नारायण पाण्डेय जी की 10वीं पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय जूनियर बालक हैंडबॉल प्रतियोगिता-2026 का भव्य उद्घाटन समारोह आज दिनांक 17 नवंबर 2026 को सायं 4:00 बजे वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर, लोहता, वाराणसी के हैंडबॉल कोर्ट पर आयोजित किया गया।
इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के सभी 18 मंडलों की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। प्रतियोगिता में लगभग 250 खिलाड़ी एवं 50 निर्णायक हिस्सा ले रहे हैं। तीन दिनों तक चलने वाले इस खेल आयोजन में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल मंत्री श्री गिरीश चंद्र यादव जी का आयोजन समिति द्वारा पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिह्न भेंट कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राम सकल पटेल एवं जिला महामंत्री श्री संजीव सिंह गौतम विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों को स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात विद्यालय के निदेशक महोदय द्वारा स्वागत भाषण के माध्यम से सभी अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
मुख्य अतिथि श्री गिरीश चंद्र यादव जी ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, आपसी सहयोग एवं नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
इसके उपरांत प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी टीमों एवं खिलाड़ियों का परिचय मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों से कराया गया। अंत में मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता के विधिवत शुभारंभ की घोषणा की गई।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में HIMS College of Physiotherapy, Varanasi ने मेडिकल पार्टनर के रूप में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। आयोजन समिति ने संस्थान के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
आज खेले गए मैचों के परिणाम
उद्घाटन समारोह के बाद खेले गए रोमांचक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। आज के मैचों के परिणाम इस प्रकार रहे—
1. मेरठ ने अलीगढ़ को 19-09 से हराया। मेरठ से अनुराग ने सर्वाधिक 9 गोल किये l
2. आजमगढ़ ने सहारनपुर को 30-08 से हराया। आजमगढ़ से अविनाश ने सर्वाधिक 7 गोल और सहारनपुर से वनहीत ने 05 गोल किये l
3. आगरा ने विंध्याचल को 10-08 से हराया। आगरा से कृष्ण तथा ध्रुव ने 2-2 गोल और विंध्याचल से अयान ने 03 गोल किये l
4. बस्ती ने कानपुर को 16-07 से हराया। बस्ती से अभिषेक गौतम ने सर्वाधिक 5 गोल और कानपुर से नितिन और कृष्ण ने 2-2 गोल किये l
5. लखनऊ ने चित्रकूट को 20-10 से हराया। लखनऊ से पंकज ने सर्वाधिक 7 गोल और चित्रकूट से कपिल ने 4 गोल किये l
6. झाँसी ने मुरादाबाद को 10-08 से हराया। झाँसी से अजय और हर्ष ने सर्वाधिक 04-04 गोल और मुरादाबाद से निखिल ने 6 गोल किये l
7. वाराणसी ने प्रयागराज को 18-08 से हराया। वाराणसी से अनीश व हर्षित ने सर्वाधिक 04-04 गोल और प्रयागराज से अंकुश यादव ने 5 गोल किये l
8. प्रयागराज ने बरेली को 15-14 से हराया। प्रयागराज से आकाश यादव ने सर्वाधिक 05 गोल और बरेली से जय ने 5 गोल किये l
9. गोरखपुर ने विंध्याचल को 13-02 से हराया। गोरखपुर से धीरज अजीत व पवन ने सर्वाधिक 03 गोल और विंध्याचल से अजय ने 3 गोल किये l
कल भी प्रतियोगिता के अंतर्गत रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री प्रखर शुक्ल, एस.एन. पाण्डेय खेल संस्थान, वाराणसी की ट्रस्टी उपमा पाण्डेय, वाराणसी हैंडबॉल संघ के उपाध्यक्ष श्री संतोष पाण्डेय, वाराणसी हैंडबॉल संघ के संयुक्त सचिव एवं वरिष्ठ अधिवक्ता श्री अनुप गुप्ता, क्षेत्रीय क्रीडाधिकारी श्री नवीन सिंह उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन की ओर से वी.पी.एस. ग्रुप के अध्यक्ष श्री विजय कुमार जायसवाल, उप-प्रबंधक श्री शशिकांत गुप्ता, वी.पी.एस. ग्रुप के उप-निदेशक श्री के.के. पाण्डेय, वी.पी.एस. ग्रुप के कोषाध्यक्ष श्री रामानंद जायसवाल, वाराणसी पब्लिक स्कूल, केराकतपुर की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका सिंह, उप-प्रधानाचार्य श्री प्रवीण कुमार सिंह एवं मुख्य अध्यापिका श्रीमती रूपा वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इसके अतिरिक्त विद्यालय के समस्त समन्वयक, आयोजन समिति के सदस्य, प्रशिक्षक, निर्णायक, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
अंत में आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
उक्त समस्त जानकारी उत्तर प्रदेश हैंडबॉल एसोसिएशन के कार्यकारी महासचिव श्री अमित पाण्डेय जी द्वारा दी गई।








Users Today : 5
Users Yesterday : 87