किसानों के हितों के अनुरूप हो सब्जी फसलों पर शोध एवं विकास

राजातालाब।आराजी लाइन क्षेत्र के शाहंशाहपुर स्थित भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान में 28वीं शोध परामर्शदात्री समिति की बैठक मंगलवार को वंदे मातरम गान के साथ प्रारंभ हुई। बैठक में किसानों की आवश्यकताओं के अनुरूप शोध को दिशा देने पर बल दिया गया। निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने अध्यक्ष डॉ. के.ई. लवांडे, आईसीएआर के सहायक महानिदेशक डॉ. सुधाकर पांडेय तथा सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में सब्जियों की 39 परंपरागत एवं संकर किस्में पीपीवीएफआरए में पंजीकृत की गईं। संस्थान अब तक 66 कंपनियों के साथ लाइसेंस समझौते कर चुका है। संस्थान में 44 सब्जी फसलों के 6973 से अधिक जर्मप्लाज्म उपलब्ध हैं। किसान कल्याण के अंतर्गत 40 प्रशिक्षण और 85 से अधिक भ्रमण आयोजित किए गए, जिनसे 4700 से अधिक किसान लाभान्वित हुए। बैठक में जलवायु-सहिष्णु किस्मों, वर्टिकल फार्मिंग, मृदारहित खेती, ग्राफ्टिंग, सटीक खेती, जैविक खेती तथा निर्यात के लिए कीटनाशी अवशेष विश्लेषण पर जोर दिया गया। अध्यक्ष डॉ. लवांडे ने निर्यात गुणवत्ता वाली सब्जियों पर शोध को प्राथमिकता देने की बात कही। डॉ. पांडेय ने पोषण सुरक्षा के लिए प्रति व्यक्ति पर्याप्त सब्जियों की उपलब्धता पर बल दिया। बैठक का संचालन सदस्य-सचिव डॉ. अरविंद नाथ सिंह ने किया।








Users Today : 3
Users Yesterday : 87