डिवाइडर के खंभों पर कमल का फूल लगाकर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रही भाजपा सरकार : राघवेंद्र चौबे (महानगर अध्यक्ष, महानगर कांग्रेस कमेटी, वाराणसी)

विषय काशी की पहचान कमल के फूल से नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, सभ्यता, परंपरा और आध्यात्मिक विरासत से है; चुनाव से ठीक पहले सरकारी संसाधनों का राजनीतिक इस्तेमाल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शहर के सड़क डिवाइडरों पर लगे खंभों पर कमल के फूल के प्रतीक लगाए जाने को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि कमल का फूल भारतीय जनता पार्टी का चुनाव चिह्न है। ऐसे में सार्वजनिक सड़कों के डिवाइडरों पर सरकारी धन खर्च करके कमल के फूल के प्रतीक लगाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। चुनाव नजदीक आते ही इस तरह की गतिविधियां शुरू होना यह दर्शाता है कि भाजपा अपनी धूमिल हो चुकी राजनीतिक छवि को चमकाने के लिए सरकारी संसाधनों का इस्तेमाल करने का प्रयास कर रही है।काशी कोई साधारण शहर नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक राजधानी है। काशी की अपनी एक विशिष्ट पहचान है, जिसकी जड़ें हजारों वर्षों पुरानी सभ्यता, सनातन परंपरा, गंगा-जमुनी तहजीब, मंदिरों, घाटों, गलियों, संगीत, साहित्य और लोक संस्कृति में समाहित हैं। शहर के सौंदर्यीकरण के नाम पर यदि कुछ करना है तो काशी की मूल पहचान से जुड़ी कलाकृतियां, प्रतीक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाना चाहिए। यहां की पहचान को मजबूत करने के बजाय किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न जैसे प्रतीकों को सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।क्या सरकारी खजाना किसी राजनीतिक दल की छवि चमकाने के लिए है? क्या जनता के टैक्स के पैसे का इस्तेमाल राजनीतिक प्रचार के लिए किया जाएगा? भाजपा सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि इन प्रतीकात्मक खंभों को लगाने का निर्णय किसके निर्देश पर लिया गया और इसमें कितना सरकारी धन खर्च किया जा रहा है। शासन-प्रशासन को निष्पक्षता के साथ काम करना चाहिए, न कि किसी राजनीतिक दल के एजेंडे के अनुरूप।आज इस पूरे प्रकरण से जिलाधिकारी को वार्ता के माध्यम से अवगत कराया गया है। दो दिन के अवकाश के बाद कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी से मुलाकात कर बाकायदा ज्ञापन सौंपेगा तथा सार्वजनिक डिवाइडरों पर लगाए गए कमल के फूल के प्रतीकों को तत्काल हटाने की मांग करेगा। कांग्रेस की मांग है कि इन खंभों पर काशी की कला, संस्कृति, ऐतिहासिक विरासत और स्थानीय पहचान से जुड़े प्रतीकों को स्थान दिया जाए।यदि प्रशासन इस मामले में उचित कार्रवाई नहीं करता है तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएगी और इन प्रतीकों को हटाने के लिए आगे की कार्रवाई करेगी। सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न जैसी प्रतीकात्मक संरचनाओं को स्थापित करना उचित नहीं है। सरकारी व्यवस्था को जनता की सेवा करनी चाहिए, किसी पार्टी की ब्रांडिंग नहीं।भाजपा सरकार चुनाव आते ही जनता के वास्तविक मुद्दों से ध्यान भटकाने और अपनी छवि चमकाने के लिए इस तरह के हथकंडे अपनाने लगती है। जनता महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल सड़कें, सीवर, पेयजल, प्रदूषण और बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन सरकार का ध्यान इन समस्याओं के समाधान के बजाय प्रतीकात्मक दिखावे पर केंद्रित है। यह शासन-प्रशासन की गैरजिम्मेदाराना कार्यशैली का उदाहरण है।मोदी- योगी भाजपा सरकार अपनी राजनीतिक जमीन खिसकती देखकर भयभीत है। लोकतंत्र में सरकारी संस्थाओं और सार्वजनिक संपत्तियों का इस्तेमाल निष्पक्ष होना चाहिए। चुनाव के समय आदर्श आचार संहिता और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है। काशी की जनता जागरूक है और वह राजनीतिक दिखावे तथा वास्तविक विकास के अंतर को अच्छी तरह समझती है।2024 के लोकसभा चुनाव में काशी की जनता अपना संदेश दे चुकी है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता भाजपा को उसके शासन और कार्यशैली का जवाब देगी। काशी की पहचान किसी राजनीतिक दल के चुनाव चिह्न से नहीं, बल्कि बाबा विश्वनाथ, मां गंगा, संतों, महापुरुषों, साहित्यकारों, कलाकारों और यहां की अनूठी संस्कृति से है। काशी की अस्मिता और सांस्कृतिक विरासत के साथ किसी भी प्रकार का राजनीतिक खिलवाड़ कांग्रेस बर्दाश्त नहीं करेगी।








Users Today : 54
Users Yesterday : 34