सांसद डॉ. विनोद बिंद ने दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन, दौड़,कूद,कबड्डी में दिखा बच्चों का उत्साह
राजातालाब। आराजी लाइन विकासखंड क्षेत्र के बंगालीपुर स्थित वाराणसी पब्लिक स्कूल के प्रांगण में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शारीरिक व मानसिक स्वास्थ्य तथा खेल भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव कीर्ति शिखर 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद भदोही डॉ. विनोद बिंद, विशिष्ट अतिथि भाजपा वाराणसी जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, युवामोर्चा जिला मंत्री शिशिर सिंह, अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक कोच नन्हे सिंह एवं सेवानिवृत्त उप कमांडर सीआरपीएफ सतीश सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। सभा में वाराणसी पब्लिक स्कूल ग्रुप ऑफ एजूकेशन के उप प्रबंधक शशिकांत गुप्ता, कोषाध्यक्ष रामानंद जायसवाल, उपनिदेशक के.के. पांडेय, प्रधानाचार्या प्रियंका सिंह, प्रधानाचार्य दिलीप कुमार पांडेय एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। दो दिवसीय खेल-कूद प्रतियोगिता के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, कबड्डी तथा अन्य मनोरंजक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेल आयोजित किए गए। विद्यार्थियों में पूरे दिन बड़ा ही उत्साह, उमंग एवं खेल भावना के साथ सहयोग की भावना दिखाई दी। मुख्य अतिथि डॉ. विनोद बिंद ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें जीवन में खेलों के महत्व, अनुशासन, परिश्रम, आत्मविश्वास एवं टीम भावना के प्रति प्रेरित किया। विद्यालय प्रबंध तंत्र का मानना है कि खेल शिक्षा का अभिन्न अंग है। खेलों के माध्यम से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। प्रधानाचार्य दिलीप कुमार पांडेय ने भी विद्यार्थियों को खेल के महत्व के बारे में बताया। कक्षा नर्सरी से पांच तक के विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।






Users Today : 149
Users Yesterday : 80