दीपावली पर पर्यावरण अनुकूल हरित पटाखें जलाएं : डॉ. अशोक राय वाराणसी। वरिष्ठ भाजपा नेता एवं चिकित्सक डॉक्टर अशोक राय ने कहा कि दीपावली उल्लास का पर्व है, इसलिए इस दिन लोग पटाखे आदि का उपयोग करते है, जिसमें अनेक ऐसे तत्व होते है, जो हमारे लिए ही हानिकारक होते है। ये पर्यावरण को नुकसान पहुंचाते है। अतः यदि पटाखे जलाना ही है तो हमें पर्यावरण अनुकूल हरित पटाखों का उपयोग करना चाहिए। जब पर्यावरण स्वस्थ रहेगा, तभी हमारा जीवन (स्वास्थ्य) भी सुखमय रहेगा। हमारा उल्लास पीड़ा का कारण न बने, इस पर हमारी युवा पीढ़ी को सोचने की आवश्यकता है। अपने उल्लास को आप अपने परिवार, सगे संबंधियों में मिठाइयां बांटकर, स्वच्छता अभियान चलाकर व पौधारोपण जैसे पुनीत कार्य कर अभिव्यक्त कर सकते है। इससे हरित दीवाली स्वस्थ दीवाली के अभियान को बल मिलेगा।
डा अशोक राय ने बताया कि दीपावली में लक्ष्मी पूजन का महत्वपूर्ण विधान है। लक्ष्मी धन और समृद्धि की देवी मानी जाती है। अतः यह धन और समृद्धि का त्योहार है। दीपावली के अवसर पर हम अपनी वित्तीय स्थिति का विश्लेषण करते है, उस पर ध्यान देते है और अपने लाभ और हानि की समीक्षा करते है, लेकिन इसे केवल वित्तीय विश्लेषण तक ही सीमित नहीं रखना चाहिए, वरन इस अवसर पर हमें अपनी भीतरी समृद्धि को भी बढ़ाना चाहिए। अपने व्यसनों को छोड़कर सुणों को अपनाना चाहिए। समृद्धि यानी लक्ष्मी जीवन-साधना, आत्म सुधार का आधार और सहारा है। कहा कि दीपावली अज्ञान के अंधकार को दूर कर प्रकाश का वरण करने का पर्व है। जिस तरह दीपक स्वयं जलकर अंधेरा हटाकर दूसरों को उजाला बांटता है और अपने परिवेश को प्रकाशित करता है, उसी तरह मानवों को भी दूसरों के अज्ञान, विविध संकट रूपी अंधकार को मिटाने के लिए कार्य करना चाहिए।








Users Today : 4
Users Yesterday : 28