नारी को माना गया है सृजन, शक्ति व संस्कार की मूल प्रेरणाः मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर जारी किया वीडियो संदेश
अवसर और संकल्प मिल जाएं तो उत्तर प्रदेश की बेटियां अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक भी पहुंच सकती हैं: सीएम योगी
सीएम ने दिलाया संकल्प- नारी सम्मान को बढ़ावा देंगे और नारी सुरक्षा को सुनिश्चित करेंगे

लखनऊ, 8 मार्च। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को वीडियो संदेश जारी कर प्रदेश की सभी महिलाओं व बेटियों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर बधाई दी। सीएम योगी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को केवल परिवार की धुरी नहीं, बल्कि सृजन, शक्ति व संस्कार की मूल प्रेरणा माना गया है। हमारे शास्त्रों में कहा गया है कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता’ अर्थात जहां नारी का सम्मान होता है, वहीं देवत्व का वास होता है। यह केवल आदर्श वाक्य नहीं, बल्कि भारत की उस जीवन दृष्टि का प्रतीक है, जिसने समाज को संवेदनशील, संतुलित व संस्कारित बनाए रखा है।

सशक्त महिला परिवार को सशक्त, समाज को दिशा और राष्ट्र के विकास को देती है गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के समय में नारी सम्मान का अर्थ केवल सामाजिक प्रतिष्ठा नहीं, बल्कि यह उनकी शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य और आत्मनिर्भरता से जुड़ा हुआ है। जब महिला सशक्त होती है तो केवल अपना जीवन नहीं बदलती, बल्कि परिवार को सशक्त, समाज को नई दिशा और राष्ट्र के विकास को गति देती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सशक्तिकरण को राष्ट्रीय विकास की महत्वपूर्ण धुरी बनाया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने करोड़ों महिलाओं को सम्मान व आत्मनिर्भरता की नई शक्ति दी है।
डबल इंजन सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन
सीएम योगी ने कहा कि यूपी की डबल इंजन सरकार ने महिला सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा है। 2017 में सरकार के गठन के साथ ही बेटियों की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वायड का गठन किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस में आज 44 हजार से अधिक बेटियां सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मिशन शक्ति के माध्यम से प्रदेश में महिला सम्मान व जागरूकता का व्यापक वातावरण तैयार हुआ है।
यूपी में एक करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़कर सृजित कर रहीं नई संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का वास्तविक सशक्तीकरण तभी संभव है, जब वे आर्थिक रूप से आत्मनिर्भऱ बनें। उत्तर प्रदेश में आज लगभग एक करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर आजीविका व उद्यमिता की दिशा में नई संभावनाएं सृजित कर रही हैं। ग्रामीण बहनें कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, हस्तशिल्प व अनेक छोटे उद्यमों के माध्यम से न केवल परिवार की आय बढ़ा रही हैं, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊर्जा दे रही हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उनके उत्पाद देश- दुनिया के बाजारों तक पहुंच रहे हैं।
प्रदेश सरकार उपलब्ध करा रही नए अवसर
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिला उद्यमिता को और सशक्त बनाने के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना व महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना के माध्यम से जीवन के हर चरण में महिलाओं को सहयोग देने का प्रयास किया जा रहा है।
हर क्षेत्र में परचम लहरा रहीं यूपी की बेटियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज यह देखकर गर्व होता है कि यूपी की बेटियां हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही है। लखनऊ की बेटी ऋतु करिधल इसका प्रेरक उदाहरण हैं। उन्होंने भारत के मार्स ऑर्बिटर मिशन चंद्रयान जैसे अंतरिक्ष अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाकर देश को गौरवान्वित किया है। यह विश्वास दिलाता है कि अवसर और संकल्प मिल जाएं तो उत्तर प्रदेश की बेटियां अंतरिक्ष की ऊंचाइयों तक भी पहुंच सकती हैं।
सीएम ने दिलाया संकल्प- नारी सम्मान को बढ़ावा देंगे और नारी सुरक्षा को सुनिश्चित करेंगे
सीएम ने कहा कि हम सब मिलकर ऐसा वातावरण तैयार करें, जहां हर बेटी सुरक्षित हो, महिला सम्मान से जीवन जी सके और हर नारी के सपनों को साकार करने का समान अवसर मिले। इस अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सभी मिलकर संकल्प लें कि नारी सम्मान को बढ़ावा देंगे, नारी सुरक्षा को सुनिश्चित करेंगे और नारी स्वावलंबन को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे। हम ऐसे उत्तर प्रदेश के निर्माण में योगदान देंगे, जहां हर महिला के सपनों को नई उड़ान मिल सके।







Users Today : 45
Users Yesterday : 66