बस दुर्घटना में मृत अनुज के परिजनों से मिले मंत्री रविन्द्र जायसवाल, शोक संवेदना व्यक्त की
गिलट बाजार-तरना मार्ग पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए पीडब्ल्यूडी को स्पीड ब्रेकर लगाने के दिए निर्देश

वाराणसी। प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने शनिवार को शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार-सुद्धीपुर बाईपास के समीप विगत दिनों बस दुर्घटना में मृत अनुज कुमार पटेल के घर पहुंचकर उनके पिता अमरनाथ पटेल एवं शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उन्हें धैर्य प्रदान करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
मंत्री ने शोक संतप्त परिवार को शासन स्तर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को समुचित आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने मौके पर मौजूद एडीएम वित्त डॉ. सदानंद गुप्ता को प्रकरण में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। परिजनों से मुलाकात के बाद मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने गिलट बाजार से तरना पुल तक घनी आबादी होने के कारण वाहनों की तेज गति से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को गिलट बाजार से तरना पुल तक आवश्यक स्थानों पर तत्काल स्पीड ब्रेकर लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा से जुड़े आवश्यक उपायों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने पर भी जोर दिया, ताकि क्षेत्र में आवागमन करने वाले लोगों को सुरक्षित यातायात व्यवस्था उपलब्ध हो सके।
इस अवसर पर एडीएम वित्त डॉ. सदानंद गुप्ता, तहसीलदार सदर आशीष सिंह, क्षेत्रीय लेखपाल, मंडल अध्यक्ष विवेक पांडेय, पूर्व मंडल अध्यक्ष रतन कुमार मौर्य, रोहित मौर्या, सदानंद पटेल, कुसुम पटेल, राम वचन पटेल, संदीप पटेल, भूपेंद्र सिंह, अमित सिंह, दिलीप पटेल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।








Users Today : 20
Users Yesterday : 82