सेहत सही, लाभ कई” कार्यक्रम के तहत रेडियो खीरी 88.4 MHz की पहल पर चार गांवों में चला एंटी लार्वा स्प्रे एवं फॉगिंग अभियान
लखीमपुर खीरी, 22 मई 2026
सामुदायिक रेडियो स्टेशन रेडियो खीरी 88.4 MHz द्वारा संचालित “सेहत सही, लाभ कई” कार्यक्रम के अंतर्गत क्षेत्र में बढ़ते मच्छरों के प्रकोप एवं डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों की आशंकाओं को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग एवं जिला मलेरिया विभाग के सहयोग से विकासखंड लखीमपुर के ग्राम पिपराकरमचंद, उजारगूम, कोरैया एवं ढसरापुर में विशेष एंटी लार्वा स्प्रे एवं फॉगिंग अभियान चलाया गया।
इन गांवों में मच्छरों की बढ़ती समस्या को लेकर स्थानीय ग्रामीणों, “सेहत सही, लाभ कई” कार्यक्रम के श्रोताओं एवं स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं ने रेडियो खीरी के माध्यम से लगातार अपनी चिंता व्यक्त की थी। समुदाय द्वारा फोन कॉल, संदेशों और अन्य माध्यमों से आग्रह किया गया कि इस विषय पर स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाए।
रेडियो खीरी ने इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए तत्काल स्वास्थ्य विभाग से संपर्क किया, जिसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष गुप्ता के निर्देशन एवं जिला मलेरिया अधिकारी श्री हरिशंकर के सहयोग से दो दिनों के भीतर प्रभावित गांवों में विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान जिला मलेरिया विभाग की टीम द्वारा गांवों में जलभराव वाले स्थानों, खुली नालियों एवं गंदे पानी के क्षेत्रों में एंटी लार्वा रसायन टेमेफॉस का छिड़काव किया गया। साथ ही मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग भी कराई गई। इस अभियान से बच्चों, महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों सहित लगभग 8 से 10 हजार लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है।
जिला मलेरिया विभाग की ओर से नीरज मौर्या, अरविंद कुमार, तीरथ राम एवं हिमांशु मौर्या ने अभियान के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
रेडियो खीरी की ओर से स्टेशन प्रमुख श्री संजय सिंह एवं स्टेशन निदेशक अंशिका सिंह के निर्देशन में पूरी टीम अभियान के दौरान सक्रिय रूप से मौजूद रही। टीम सदस्य मानसी जायसवाल एवं रुपांशी वर्मा ने अभियान के समन्वय एवं कवरेज में विशेष योगदान दिया।
अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग एवं रेडियो खीरी की टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने घरों एवं आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर एवं पानी की टंकियों की नियमित सफाई करें तथा स्वच्छता बनाए रखें, ताकि मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम की जा सके।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी जानकारी दी कि भविष्य में भी समय-समय पर एंटी लार्वा स्प्रे एवं फॉगिंग अभियान जारी रखे जाएंगे।
ग्रामीणों ने रेडियो खीरी की इस पहल एवं स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
सामुदायिक रेडियो स्टेशन रेडियो खीरी अपने कार्यक्रमों एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से स्वास्थ्य जागरूकता, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, लोक संस्कृति एवं कृषि नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है।









Users Today : 43
Users Yesterday : 69