डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन – वाराणसी में सुनीत चौरेसिया बने चैंपियन, लगातार तीसरी जीत के साथ रचा इतिहास
बरेका महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने ‘डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी’ गोल्फ टूर्नामेंट के विजेताओं को किया सम्मानित
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के गोल्फ कोर्स में आयोजित 25 लाख रुपये की इनामी राशि वाले प्रतिष्ठित ‘डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन–वाराणसी’ गोल्फ टूर्नामेंट का शुक्रवार को शानदार समापन हुआ। पुरस्कार वितरण समारोह के मुख्य अतिथि बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत ने विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी तथा पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबले में कोलकाता के 31 वर्षीय प्रतिभाशाली गोल्फर सुनीत चौरसिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। अंतिम दौर में 73 का स्कोर बनाकर उन्होंने कुल छह-अंडर 204 के स्कोर के साथ चार स्ट्रोक के अंतर से शानदार जीत दर्ज की।
सुनीत चौरेसिया (67-64-73) ने इस जीत के साथ लगातार तीसरा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। इससे पूर्व उन्होंने मार्च में पटना गोल्फ क्लब में आयोजित अल्फा स्पोर्ट्स अकादमी गोल्फ चैंपियनशिप तथा पिछले सप्ताह लखनऊ में आयोजित विजय कुमार मेमोरियल प्रतियोगिता में भी जीत हासिल की थी। वह नेक्सजेन टूर के इतिहास में लगातार तीन प्रतियोगिताएं जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
इस जीत के साथ उन्हें 3,17,875 रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई तथा कुल 10,04,393 रुपये की कमाई के साथ वे वर्ष 2026 के डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट चैंपियन बने। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के मुख्य डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई टूर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया।
महान भारतीय गोल्फर एस.एस.पी. चौरेसिया के भतीजे सुनीत चौरेसिया ने वर्ष 2010 में मणीराम द्वारा एक ही नेक्सजेन सीजन में तीन जीत के रिकॉर्ड की बराबरी भी की।
मथुरा के मुकीम अली (67-68-73) तथा कोलकाता के सौविक नायक (69-69-70) दो-अंडर 208 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त रूप से उपविजेता रहे।

बरेका के कर्मचारी एवं स्थानीय खिलाड़ी हेमंत यादव (69-64-77) जिन्होंने दूसरे दौर में छह-अंडर 64 के साथ कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की थी, अंतिम दौर में 77 का स्कोर करने के बाद कुल इवन-पार 210 के स्कोर के साथ चौथे स्थान पर रहे। उनके साथ गुरुग्राम के निखिल शर्मा (68-74-68) तथा दिल्ली के पवन कुमार (76-70-64) भी संयुक्त चौथे स्थान पर रहे। पवन कुमार ने अंतिम दौर में शानदार छह-अंडर 64 का स्कोर बनाकर कोर्स रिकॉर्ड की बराबरी की।
लखनऊ के राजेश कुमार गौतम (70-71-75) छह-ओवर 216 के कुल स्कोर के साथ संयुक्त 17वें स्थान पर रहे। उन्हें 44,125 रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई, जिससे वे 7,25,185 रुपये की कुल कमाई के साथ नेक्सजेन ऑर्डर ऑफ मेरिट में दूसरे स्थान पर बने रहे।
अपनी जीत के बाद सुनीत चौरेसिया ने कहा, “मुख्य टूर के लिए अपना कार्ड हासिल करना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। पिछले कुछ सप्ताह मेरे लिए विशेष रहे हैं और मेहनत का परिणाम देखकर संतोष मिल रहा है। चोट के कठिन दौर से वापसी कर यहां तक पहुंचना मेरे लिए और भी अधिक सुखद है। अब मेरा लक्ष्य मुख्य टूर पर निरंतर अच्छा प्रदर्शन करना और अपने खेल को और मजबूत बनाना है।”
इस सफल आयोजन के साथ बरेका का बीएलडब्ल्यू ग्रीन्स गोल्फ कोर्स देश के प्रमुख पेशेवर गोल्फ स्थलों में शामिल हो गया है और वाराणसी ने भारतीय खेल जगत में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
पुरस्कार वितरण समारोह में , प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं अध्यक्ष, बरेका कूद संघ श्री मनीष कुमार , मुख्य अभिकल्प इंजीनियर-विद्युत एवं सचिव, बरेका गोल्फ कोर्स श्री अनुराग कुमार गुप्ता,उप मुख्य विद्युत इंजीनियर- मुख्यालय एवं कैप्टन, बरेका गोल्फ कोर्स श्री शिशिर त्यागी एवं उप महाप्रबंधक श्री सागर, जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार एवं डायरेक्टर ऑपरेशन,पीजीटीआई श्री प्रभाश ठाकुर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।








Users Today : 9
Users Yesterday : 62