प्रो. विनोद कुमार मिश्रा कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक नियुक्त
वाराणसी, 30.06.2026। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय, कृषि विज्ञान संस्थान के आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विभाग के प्रोफेसर विनोद कुमार मिश्रा को कृषि विज्ञान संस्थान के निदेशक के पद पर नियुक्त किया गया है। प्रो. मिश्रा ने मंगलवार को संस्थान स्थित निदेशक कार्यालय में कार्यभार ग्रहण किया।

प्रो. मिश्रा गेहूं आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन के क्षेत्र के वैज्ञानिक हैं। वे वर्ष 2007 से काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में बतौर प्रोफेसर सेवा दे रहे है। उन्हें चार दशक से अधिक का शिक्षण, अनुसंधान एवं प्रसार कार्य का अनुभव है। उनके नेतृत्व में जैव-संपोषित एवं उच्च उत्पादकता वाली गेहूं की किस्में विकसित की गई हैं, जिनमें एचयूडब्ल्यू-838, एचयूडब्ल्यू-711 तथा एचयूडब्ल्यू-669 प्रमुख हैं। उनके शोध कार्यों के परिणामस्वरूप 114 शोध-पत्र प्रकाशित हो चुके हैं तथा उनके कार्यों को 3347 से अधिक उद्धरण प्राप्त हुए हैं।
प्रो. मिश्रा ने लगभग ₹10 करोड़ की राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध परियोजनाओं का सफलतापूर्वक नेतृत्व किया है। उन्होंने राजीव गांधी दक्षिणी परिसर, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के आचार्य प्रभारी के रूप में कार्य किया हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने बीज प्रौद्योगिकी एवं विपणन डिप्लोमा कार्यक्रम के समन्वयक तथा राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) अधिकारी के रूप में भी महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन किया है। उनके मार्गदर्शन में 18 पीएच.डी. तथा 45 स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने शोध कार्य पूर्ण किया है। अपने उत्कृष्ट शैक्षणिक एवं अनुसंधान योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2013-14 में कृषि विज्ञान संस्थान, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय द्वारा सर्वश्रेष्ठ शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें वर्ष 2017 में इंडियन जर्नल ऑफ एग्रीकल्चरल रिसर्च एवं लेग्यूम रिसर्च द्वारा रिव्यूअर एक्सीलेंस पुरस्कार प्रदान किया गया। वे इंडियन सोसाइटी ऑफ जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग तथा सोसाइटी फॉर एडवांसमेंट ऑफ व्हीट रिसर्च के आजीवन सदस्य भी हैं।
प्रो. मिश्रा ने वर्ष 1982 में गोरखपुर विश्वविद्यालय से बी.एससी. (कृषि), वर्ष 1984 में चन्द्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर से आनुवंशिकी एवं पादप प्रजनन विषय में एम.एससी. (कृषि) तथा वर्ष 1991 में छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर से कृषि वनस्पति विज्ञान में पीएच.डी. की उपाधि प्राप्त की।








Users Today : 24
Users Yesterday : 55